Tamil Nadu Assembly Elections Result 2026: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है। इसी के साथ ही पहला रुझान भी सामने आ गया है। एग्जिट पोल को धता बताते हुए विजय की TVK 47 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, AIADMK 44 सीटों पर आगे चल रही है। जबकि सत्ताधारी DMK फिलहाल 27 सीटों पर आगे चल रही है।
अन्य पार्टियों की बात करें तो, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के लिए फिलहाल उम्मीद से उल्ट है। BJP खबर लिखे जाने तक केवल एक सीट पर आगे चल रही है। बीजेपी के लिए राहत ही बात ये है कि उसकी सहयोगी AIADMK 44 सीटों पर आगे चल रही है। BJP के अलावा कांग्रेस 3 सीटों पर आगे चल रही है।
कुछ प्रमुख सीटों पर मुकाबला बेहद दिलचस्प बनता दिख रहा है। तिरुचिरापल्ली वेस्ट सीट पर टीवीके उम्मीदवार ने डीएमके के वरिष्ठ नेता केएन नेहरू को पीछे छोड़ते हुए बढ़त बना ली है, जो बड़े नेताओं के लिए चुनौती का संकेत माना जा रहा है। कोयंबटूर साउथ में डीएमके के वी. सेंथिलबालाजी आगे चल रहे हैं, जबकि टीवीके उम्मीदवार कड़ी टक्कर दे रहे हैं। वहीं गोबीचेट्टिपालयम सीट पर हाल ही में एआईएडीएमके छोड़कर टीवीके में शामिल हुए दिग्गज नेता के.ए. सेंगोट्टैयन भी बढ़त बनाए हुए हैं, जिससे नई पार्टी की ताकत का अंदाजा लगाया जा सकता है।
इस तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में महिलाओं की भागीदारी भी खास रही है। इस बार रिकॉर्ड 443 महिला उम्मीदवार मैदान में उतरी हैं, जो प्रतिनिधित्व के बढ़ते ट्रेंड को दिखाता है। हालांकि इतिहास बताता है कि भागीदारी के बावजूद जीत का आंकड़ा कम ही रहा है।
1991 में 102 महिला उम्मीदवारों में से 32 विधायक चुनी गई थीं, जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है लेकिन 1996 में यह संख्या घटकर सिर्फ 9 रह गई। 2021 के चुनाव में 413 महिला उम्मीदवारों में से केवल 12 ही जीत सकीं, जो कुल 234 सदस्यीय विधानसभा का करीब 5 प्रतिशत है।
यह भी पढ़ें- ट्रिपल लेयर सिक्योरिटी में हो रही है मतगणना, ड्रोन कैमरों और केंद्रीय बलों की कड़ी निगरानी में ईवीएम
इस बार लगभग 46% महिला उम्मीदवार शहरी क्षेत्रों (जैसे चेन्नई, मदुरै, कोयंबटूर और तिरुचिरापल्ली) से चुनाव लड़ रही हैं। इसका कारण शहरों में बेहतर शिक्षा और चुनावी संसाधनों की उपलब्धता माना जा रहा है। हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है, लेकिन वह अब भी शहरी क्षेत्रों से पीछे है। ज्यादातर ग्रामीण महिला उम्मीदवार या तो बड़ी पार्टियों के समर्थन से हैं या स्थानीय स्तर पर प्रभावशाली चेहरों में शामिल हैं।