सांकेतिक तस्वीर (सोर्स- सोशल मीडिया)
देश

घर की छत पर सोलर लगवाने को लेकर सरकार ले आई नया नियम, अब बैटरी लगवाना होगा जरूरी; जानें कब से लागू होगा नियम

Solar Panel New Rules: बिजली मंत्रालय ने उपभोक्ता नियमों में बदलाव का मसौदा जारी किया है, जिसके तहत बड़े रूफटॉप सोलर सिस्टम पर बैटरी अनिवार्य हो सकती है और नेट मीटरिंग शुल्क भी लग सकता है।

अक्षय साहू

Highlights:

  • केंद्र सरकार ने रूफटॉप सोलर के नियमों में बदलाव का मसौदा जारी किया।

  • 10 किलोवाट से अधिक क्षमता वाले सिस्टम पर बैटरी जरूरी हो सकती है।

  • बैटरी में रोजाना बिजली उत्पादन का कम से कम 20 फीसदी स्टोर करने का प्रस्ताव है।

  • छोटे घरेलू सोलर उपभोक्ताओं पर नए नियमों का सीधा असर सीमित रह सकता है।

Rooftop Solar Battery Storage Rules India: रूफटॉप सोलर पैनल लगवाने वाले उपभोक्ताओं के लिए केंद्र सरकार नए नियम लाने की तैयारी कर रही है। बिजली मंत्रालय ने Electricity (Rights of Consumers) Rules, 2020 में बदलाव का मसौदा जारी किया है। इसके तहत तय क्षमता से बड़े रूफटॉप सोलर सिस्टम के साथ बैटरी स्टोरेज लगाना अनिवार्य करने का प्रस्ताव है।

इसके अलावा तय सीमा से ज्यादा बिजली ग्रिड में भेजने पर नेट मीटरिंग शुल्क भी देना पड़ सकता है। नए प्रस्ताव से बड़े सोलर सिस्टम लगवाने वालों का खर्च बढ़ सकता है, जबकि छोटे घरेलू उपभोक्ताओं को राहत मिलने की संभावना है।

अब बैटरी लगाना होगा जरूरी?

प्रस्तावित नियमों के मुताबिक, राज्य विद्युत नियामक आयोग (SERC) यह तय करेंगे कि कितनी क्षमता से बड़े रूफटॉप सोलर सिस्टम के साथ एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (ESS) लगाना जरूरी होगा। अगर आयोग इस संबंध में कोई सीमा तय नहीं करते हैं, तो 10 किलोवाट (kW) से अधिक क्षमता वाले सोलर सिस्टम पर यह नियम लागू होगा।

मसौदे में बड़े सोलर सिस्टम के लिए रोजाना होने वाले बिजली उत्पादन का कम से कम 20 फीसदी स्टोर करने की क्षमता वाली बैटरी लगाने का प्रस्ताव है। आमतौर पर घरों में 3 से 5 किलोवाट क्षमता वाले सोलर सिस्टम लगाए जाते हैं, इसलिए छोटे घरेलू उपभोक्ताओं पर इसका सीधा असर पड़ने की संभावना कम है।

ज्यादा बिजली ग्रिड में भेजने पर देना पड़ सकता है शुल्क

केंद्र सरकार ने प्रस्ताव में नेट मीटरिंग को लेकर भी बदलाव की बात कही है। इसके तहत तय क्षमता या निर्धारित सीमा से ज्यादा बिजली ग्रिड में भेजने या इस्तेमाल करने पर अतिरिक्त शुल्क लगाया जा सकता है।

इस कदम का उद्देश्य बिजली ग्रिड पर पड़ने वाले अतिरिक्त दबाव को कम करना है। साथ ही, इससे बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) को बिजली की सप्लाई और मांग के बीच संतुलन बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद है।

1 अप्रैल 2028 से लागू हो सकता हैं नए नियम

प्रस्तावित मसौदे में बैटरी स्टोरेज से जुड़े नियमों को 1 अप्रैल 2028 से लागू करने की बात कही गई है। इससे उपभोक्ताओं और अन्य संबंधित पक्षों को नई व्यवस्था के लिए तैयारी करने और जरूरी निवेश करने का समय मिल सकेगा।

इसके अलावा टाइम ऑफ डे (ToD) टैरिफ लागू करने की समय-सीमा बढ़ाने का भी प्रस्ताव है। इसके तहत 10 किलोवाट से अधिक क्षमता वाले उपभोक्ताओं के लिए नई समय-सीमा 1 अप्रैल 2028 और अन्य उपभोक्ताओं (कृषि क्षेत्र को छोड़कर) के लिए 1 अप्रैल 2029 तय करने की बात कही गई है।

सौर ऊर्जा के बेहतर इस्तेमाल पर सरकार का जोर

सरकार का मानना है कि बैटरी की कीमतों में कमी आने से दिन के समय पैदा होने वाली अतिरिक्त सौर ऊर्जा को स्टोर करना आसान होगा। इस बिजली का इस्तेमाल शाम के पीक आवर्स में किया जा सकेगा। इससे बिजली ग्रिड को स्थिर रखने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा वाणिज्यिक और औद्योगिक उपभोक्ता अपनी ऊर्जा जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा कर सकेंगे और बिजली खर्च को नियंत्रित कर पाएंगे। सरकार को उम्मीद है कि इस व्यवस्था से डिस्कॉम को भी शाम के समय महंगी बिजली खरीदने की जरूरत कम पड़ेगी।

UP Politics: बातों से ज्यादा काम करने की जरूरत, इमरान मसूद को खड़गे की दो टूक नसीहत; कहा- गठबंधन होकर रहेगा

भारत में पाकिस्तानी वेब सीरीज की रिलीज पर सरकार सख्त, 'जो बचे हैं संग समेट लो' को लेकर Netflix को निर्देश

Exclusive: पासपोर्ट विवाद पर भड़के अभिजीत दीपके, PM की डिग्री का उठाया मुद्दा; रांका ने भी सरकार को घेरा

न रनवे न एयरपोर्ट, फिर भी उतर गए सेना के 4 विमान? गडकरी के VIDEO ने चौंकाया, जानें क्या है माउंटेन ईगल्स मिशन

26-27-28-29 नवंबर 2008 को पूरा भारत रोया, पाकिस्तान हंसा! अजमल कसाब मुंबई कैसे पहुंचा?