मुंबई: मुंबई (Mumbai) सहित महाराष्ट्र (Maharashtra) में प्रापर्टी (Property) खरीदने वालों को बड़ी राहत देते हुए छुट्टी के दिन भी रजिस्ट्रेशन कार्यालय (Registration Office) खुले रखने का निर्णय राज्य सरकार ने लिया है। राज्य के राजस्व मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल (Revenue Minister Radhakrishna Vikhe Patil) ने कहा कि आम जनता की सुविधा के लिए नगर निगम और जिला मुख्यालयों में निबंधक कार्यालय शनिवार और रविवार को भी खुले रहेंगे, जिससे नागरिकों को उनके प्रापर्टी के पंजीकरण में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
रजिस्ट्रेशन का काम नॉन-स्टॉप होगा। रजिस्ट्रार कार्यालय में नागरिकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। मुंबई डिवीजन (मुंबई शहर, उपनगर), कोंकण डिवीजन (ठाणे शहर, ठाणे ग्रामीण, पालघर, रायगढ़ अलीबाग), पुणे डिवीजन (सतारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर), अमरावती डिवीजन (अकोला, अमरावती), नागपुर डिवीजन (नागपुर), लातूर संभाग के जिला मुख्यालय (लातूर, नांदेड़), नासिक संभाग (नासिक, जलगांव), छत्रपति संभाजीनगर संभाग (औरंगाबाद) और नगरपालिका क्षेत्र में उप-पंजीयक कार्यालय शनिवार और रविवार को भी खुले रहेंगे।
राज्य सरकार ने घर खरीदने वाले लोगों को राहत करते हुए इस वर्ष राज्य में रेडी रेकनर की दर में वृद्धि नहीं करने का निर्णय लिया गया है। इसलिए पुराने यानी 2022-23 के रेट के हिसाब से घर खरीदा जा सकता है।
बताया गया कि मुंबई शहर ने मार्च 2023 में 12,421 संपत्ति की खरीदी बिक्री की गई, जिससे राज्य को 1,143 करोड़ रुपए से अधिक का राजस्व मिला। कुल पंजीकृत संपत्तियों में से 84 प्रतिशत आवासीय संपत्तियां और 16 प्रतिशत गैर-आवासीय संपत्तियां थीं। मार्च 2023 में 1,143 करोड़ रुपए के राजस्व संग्रह के साथ मुंबई ने अप्रैल 2022 के बाद से सबसे अधिक राजस्व संग्रह किया।