नई दिल्ली : पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे भारतीय उद्योगपति रतन नवल टाटा का निधन हो गया है। उम्र संबंधी बीमारियों के चलते उन्हें सोमवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां बुधवार को उनका निधन हो गया। टाटा के निधन की खबर सामने आते ही पूरे देश में शोक की लहर है। देश भर के कई प्रसिद्ध उद्योगपतियों ने रतन टाटा के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
मुकेश अंबानी ने अपने शोक संदेश में टाटा के निधन को पूरे देश के साथ-साथ भारतीय उद्योग जगत के लिए बहुत दुखद दिन करार दिया। उन्होंने कहा, रतन टाटा का निधन न केवल टाटा समूह के लिए, बल्कि प्रत्येक भारतीय के लिए बड़ी क्षति है। अंबानी ने टाटा के निधन को व्यक्तिगत क्षति बताते हुए कहा, 'रतन टाटा के निधन से मुझे बहुत दुःख हुआ है। मैंने एक प्रिय मित्र खो दिया। टाटा एक दूरदर्शी उद्योगपति और परोपकारी शख्सियत थे, जिन्होंने हमेशा समाज की भलाई के लिए प्रयास किए। उन्होंने भारत को दुनिया भर में पहुंचाया और दुनिया की सर्वश्रेष्ठ चीजों को भारत लेकर आए।' अंबानी ने कहा कि रतन, हमेशा उनके दिल में रहेंगे।
उद्योग जगत के दिग्गज गौतम अदाणी ने भी रतन टाटा के निधन पर शोक प्रकट किया। उन्होंने कहा कि भारत ने एक महान दूरदृष्टि वाले व्यक्ति को खोद दिया है। टाटा ने आधुनिक भारत के पथ को पुनर्परिभाषित किया। वह सिर्फ एक बिजनेस लीडर नहीं थे, उन्होंने अखंडता, करुणा और व्यापक भलाई के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के साथ भारत की भावना को मूर्त रूप दिया। ऐसी हस्तियां हमेशा जीवित रहती हैं।
उद्योगपति हर्ष गोयनका ने भी रतन टाटा के निधन पर शोक प्रकट किया। उन्होंने कहा कि टाटा ईमानदारी, नैतिक नेतृत्व और परोपकार की एक मिसाल थे। उन्होंने व्यापार और उससे परे की दुनिया पर एक अमिट छाप छोड़ी है। वह हमारी स्मृतियों में सदैव जिंदा रहेंगे।