रांची: रांची एयरपोर्ट पर सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया। यहां 175 यात्रियों को लेकर पटना से रांची आया विमान लैडिंग से पहले एक पक्षी से टकरा गया। इसके बाद विमान को 40 मिनट तक हवा में रखा गया और पायलट ने सुरक्षित तरीके से इमरजेंसी लैडिंग कराई। विमान में सवार सभी यात्री फिलहाल पूरी तरह सुरक्षित हैं।
इंडिगो की ये उड़ान के करीब 175 यात्री सोमवार को तब बाल-बाल बच गये, पक्षी से टकराने के बाद आपात स्थिति में यहां बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर उतारा गया। एक अधिकारी ने इस बात की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं, जबकि विमान एयरबस 320 को नुकसान पहुंचा है।
बिरसा मुंडा हवाई अड्डे के निदेशक आर आर मौर्य ने ‘पीटीआई-भाषा' को बताया, ‘‘ रांची के पास इंडिगो की एक उड़ान से पक्षी टकरा गयी। जब यह घटना हुई, तब विमान यहां से करीब 10 से 12 नौटिकल मील दूर, करीब 3,000 से 4,000 फुट की ऊंचाई पर था। इंडिगो का यह विमान पटना से रांची आ रहा था और पायलट को उसे यहां आपातस्थिति में विमान उतारना पड़ा।''
उन्होंने कहा कि सभी यात्री सुरक्षित हैं लेकिन ‘ गिद्ध से टक्कर लगने के बाद विमान को नुकसान पहुंचा। इंजीनियर नुकसान का आकलन कर रहे हैं।'' यह घटना दोपहर एक बजकर 14 मिनट पर हुई। एक अन्य अधिकारी ने कहा कि रांची आ रहे इस विमान का कोलकाता जाने का कार्यक्रम था। हालांकि इंडिगो ने कोई टिप्पणी नहीं की है।
एक अधिकारी ने बताया कि गिद्ध के टक्कर से विमान को डेंट लगा है। इंजीनियर्स विमान को हुए नुकसान का आकलन करने में जुटे हुए हैं। जानकारी के अनुसार ये विमान पटना से कोलकाता जा रहा था।