PM Modi on Rajasthan Nikay Chunav Result: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के नगर निकाय चुनाव में बीजेपी की जीत पर प्रदेश की जनता का आभार जताया है। पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी को प्रचंड जीत दिलाने के लिए वह राजस्थान की जनता के हृदय से आभारी हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि यह जनादेश “झूठ की गूंज के सामने सत्य की विजय” का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि वह डबल इंजन सरकार की सुशासन और विकास की नीतियों के साथ खड़ी है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जनता के इस समर्थन से राजस्थान को प्रगति की नई ऊंचाइयों पर ले जाने और लोगों के जीवन में खुशहाली लाने का संकल्प और मजबूत होगा।
उन्होंने राजस्थान निकाय चुनाव में जीत हासिल करने वाले सभी बीजेपी प्रत्याशियों को बधाई दी। साथ ही पार्टी के समर्पित और मेहनती कार्यकर्ताओं का भी आभार जताते हुए उन्हें जीत की बधाई दी।
राजस्थान नगर निकाय चुनाव में अब तक घोषित 10,210 वार्डों के नतीजों में बीजेपी ने 4,171 वार्डों पर और कांग्रेस ने 3,597 वार्डों पर जीत हासिल की है। पार्टी की इस सफलता को गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत बताया।
गृह मंत्री अमित शाह ने राजस्थानी में संदेश लिखते हुए कहा, 'घणी-घणी बधाइयां राजस्थान। इस चुनाव में बीजेपी की भारी जीत, पीएम मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार के सुशासन और विकास कार्यों पर जनता की मुहर है।'
बीजेपी ने 80 सदस्यीय उदयपुर नगर निगम में 53 वार्डों पर, 70 सदस्यीय भीलवाड़ा नगर निगम में 45 वार्डों पर और 100 सदस्यीय कोटा नगर निगम में 53 वार्डों पर जीत दर्ज करते हुए स्पष्ट बढ़त हासिल की। कांग्रेस ने बीकानेर में बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि अजमेर और पाली में भी वह बीजेपी से आगे रही। जयपुर और अलवर में बीजेपी ने बढ़त बनाई। जोधपुर में दोनों दलों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जहां बीजेपी और कांग्रेस ने 44-44 वार्ड जीते, जबकि 10 वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे।