पीड़ित दिनेश सैनी। सोर्स: गूगल
देश

राजस्थान में जिंदा युवक मृत घोषित, डेथ सर्टिफिकेट जारी; जन-आधार से नाम काटा

SMS Hospital Death Certificate: जयपुर के SMS अस्पताल की एक कथित लापरवाही ने जिंदा युवक को सरकारी रिकॉर्ड में मृत बना दिया। जानें कैसे मौत के रिकॉर्ड में पीड़ित नाम दर्ज हुआ और क्यों?

अमन कुमार पाण्डेय

Highlights:

  • 3 नवंबर को अंगुली की चोट का इलाज कराने SMS ट्रॉमा सेंटर पहुंचे थे दिनेश सैनी।

  • 4 नवंबर को दूसरे मरीज दिनेश मीणा की मौत हुई, लेकिन अस्पताल के रिकॉर्ड में मृत्यु दिनेश सैनी के नाम दर्ज हो गई।

  • 25 नवंबर को मृत्यु पंजीकरण का संदेश आया और कुछ घंटे बाद मां के जन-आधार से भी दिनेश का नाम हट गया।

Jaipur Living Man Declared Dead: जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में रजिस्ट्रेशन से जुड़ी एक कथित लापरवाही ने जिंदा युवक को सरकारी दस्तावेजों में मृत बना दिया। आमेर के रहने वाले दिनेश सैनी अब खुद को जीवित साबित करने के लिए अस्पताल के चक्कर लगा रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे दिनेश की पहचान और हॉस्पिटल आईडी (HID) किसी दूसरे मरीज के रिकॉर्ड से जुड़ गई। बाद में उस मरीज की मौत हुई तो मृत्यु प्रमाण-पत्र दिनेश सैनी के नाम से जारी हो गया। अब रिकॉर्ड दुरुस्त कराने के लिए उनसे मृतक के परिजनों का शपथ-पत्र और एसडीएम के हस्ताक्षर मांगे जा रहे हैं।

अंगुली में चोट का इलाज कराने पहुंचे थे अस्पताल

पीली की तलाई स्थित निमदला की ढाणी निवासी दिनेश सैनी, ताराचंद सैनी के बेटे हैं। 3 नवंबर को उनके जन्मदिन के दिन गलता गेट थाने के पास किसी विवाद में उनके बाएं हाथ की अंगुली चोटिल हो गई थी। इसके बाद वे जयपुर के SMS ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। एक्स-रे में चोट मामूली मिलने पर डॉक्टर ने पट्टी बांधी और दवाइयां देकर घर भेज दिया।

दिनेश का आरोप है कि उनके अस्पताल से निकलने के कुछ समय बाद एक अन्य मरीज, जिसका नाम भी दिनेश मीणा था, इलाज के लिए वहां पहुंचा। रजिस्ट्रेशन काउंटर पर कर्मचारियों ने कथित तौर पर पहचान संबंधी दस्तावेजों का मिलान किए बिना उनकी हॉस्पिटल आईडी और रजिस्ट्रेशन नंबर मीणा के रिकॉर्ड में दर्ज कर दिए।

दूसरे मरीज की मौत, दिनेश के पास आए शव लेने के फोन

4 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे दिनेश मीणा की मौत हो गई। लेकिन अस्पताल के रिकॉर्ड में मृत्यु दिनेश सैनी के नाम दर्ज हो गई। इसके बाद शव सौंपने की प्रक्रिया के लिए ट्रॉमा सेंटर से सैनी के मोबाइल पर 12 से 13 बार फोन किए गए। उन्होंने हर बार अस्पताल कर्मियों को बताया कि वे जीवित हैं और उनका उस मृतक से कोई संबंध नहीं है।

दिनेश के अनुसार, 5 नवंबर को वे खुद SMS अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी दी। उस समय कर्मचारियों ने गलती ठीक करने का आश्वासन देकर उन्हें वापस भेज दिया।

जन-आधार से नाम हटने का भी मिला संदेश

दिनेश की परेशानी 25 नवंबर को और बढ़ गई। दोपहर 3:03 बजे उन्हें पहचान पोर्टल के जरिए मृत्यु पंजीकरण का संदेश मिला। इसके लगभग तीन घंटे बाद शाम 6:12 बजे उनकी मां रेखा देवी के मोबाइल पर जन-आधार से दिनेश का नाम हटाए जाने की सूचना पहुंची। इस तरह अस्पताल के रिकॉर्ड में हुई कथित गलती का असर सरकारी पहचान संबंधी दस्तावेजों पर भी पड़ गया।

दिनेश का कहना है कि 21 नवंबर को मेडिकल रिकॉर्ड विभाग (MRD) ने संशोधन पत्र मौजूद होने के बावजूद उनके नाम से मृत्यु पंजीकरण कर दिया। उनका आरोप है कि पोस्टमॉर्टम के दौरान सुधार संबंधी दस्तावेज दिए गए थे, लेकिन उनकी अनदेखी की गई।

गलती अस्पताल की, सुधार के लिए पीड़ित से मांगे दस्तावेज

दिनेश का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन अपनी गलती सुधारने के बजाय उनसे मृतक के परिजनों को लाने और शपथ-पत्र के साथ एसडीएम के हस्ताक्षर जमा करने को कह रहा है। उनका कहना है कि जिस मरीज का पोस्टमॉर्टम हुआ, उसके परिजनों का मोबाइल नंबर तक अस्पताल के रजिस्टर में दर्ज नहीं था।

दिनेश ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि सरकारी रिकॉर्ड में मृत घोषित होने के बाद उनके पास खुद को जिंदा साबित करने का कोई दस्तावेज नहीं बचा है। परिचित भी इस बात को लेकर उनका मजाक बना रहे हैं, जिससे उन्हें मानसिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।

प्राचार्य बोले- मामला सही मिला तो होगी कार्रवाई

SMS मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी ने कहा कि फिलहाल ऐसा मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है। वे रिकॉर्ड की जांच करवा रहे हैं। यदि अस्पताल में इस तरह की गलती हुई है तो यह गलत है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

PM Modi Man Ki Baat Live: पीएम मोदी की मन की बात कार्यक्रम खत्म, कहा- दुनियाभर में युवाओं की हो रही चर्चा

Delimitation Bill Live: परिसीमन बिल पर सियासी लामबंदी तेज; DMK, पवार से खड़गे-राहुल और सोनिया करेंगे मुलाकात

850 सीटों से खत्म हो जाएगा लोकतंत्र.. राहुल गांधी ने DMK से परिसीमन बिल के विरोध की अपील की, बढ़ी सियासी हलचल

अखिलेश यादव का बड़ा दांव, क्या परिसीमन बिल पर फंस जाएगी सरकार? सपा सांसदों को मिले सख्त निर्देश

पीएम मोदी को मिला नया दोस्त, ड्रग्स की चुनौती को किया पार, मन की बात में सुनाया पूरा किस्सा