PM Modi Speech In NITI Aayog Meeting: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरूवार को नई दिल्ली में नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल बैठक की अध्यक्षता की। जिसमें राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल और प्रशासक, केंद्रीय मंत्री और नीति आयोग के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।
बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि भारत की असली संपत्ति तो यहां के युवा है। लगभग 70 करोड़ भारतीय ऐसे है जिनकी आयु 25 वर्ष से कम हैं। पीएम ने इसे जनसांख्यिकीय लाभांश बताया और राज्यों से आग्रह किया कि जनसांख्यिकीय लाभांश को शिक्षा, कौशल विकास और क्षमता निर्माण की पहल के माध्यम से विकास लाभांश में बदलने पर ध्यान केंद्रित करें। जिससे युवा भविष्य में आने वाली चुनौतियों के लिए तैयार होंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में कई देशों के साथ हुए भारत के मुक्त व्यापार समझौतों(एफटीए) का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्यों को युवाओं और एमएसएमई के लिए अवसर पैदा करने और हितधारकों को इन समझौतों से होने वाले फायदों का प्रभावी ढंग से लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। पीएम ने निवेश आकर्षित करने व व्यापारिक संभावनाओं का लाभ उठाने के लिए राज्यों के मुख्यमंत्रियों को सक्रिय भूमिका निभाने की सलाह दी।
यह भी पढ़ें- Explainer: पाकिस्तान की नाक में दम करने वाला JAAC क्या है, PoK में मचे कोहराम को कैसे दे रहा खाद-पानी?
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ऐसे समय में जब पश्चिम एशिया में तनाव के कारण कई प्रमुख अर्थव्यवस्थाएं अनिश्चितता और आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है तब भारत की विकास गाथा दुनिया को प्रेरित करती है। पीएम ने आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में विशेष रूप से वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं को अपनाने पर जोर दिया।
साथ ही प्रधानमंत्री ने राज्यों से एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) पहल पर ध्यान केंद्रित करने और निर्यात के अनुकूल रणनीतियों को विकसित करने की सलाह दी। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने महिला नेतृत्व वाले विकास पर जोर देते हुए राज्यों से लखपति दीदी की संख्या 3 करोड़ से बढ़ाकर 6 करोड़ का आह्वान किया और नारी शक्ति के लिए सुरक्षित माहौल बनाने पर प्रकाश डाला।