Trump Praises Indian Voting System Congress Reaction: भारत की चुनाव प्रणाली को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा की गई टिप्पणी के बाद कांग्रेस लगातार मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और भाजपा सरकार पर हमलावर है। राज्यसभा सांसद और कांग्रेस महासचिव पवन खेड़ा ने ट्रंप की टिप्पणी के बाद ज्ञानेश कुमार पर तंज कसा है।
कांग्रेस नेता ने ज्ञानेश कुमार को अमेरिका ले जाने की भी अपील की और कहा कि अगली फ्लाइट से भारत अपनी ईवीएम भी भेज देगा। कांग्रेस नेता का यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा CEC ज्ञानेश कुमार का जिक्र करने और भारतीय वोटर ID की तारीफ करने पर के बाद आया।
डोनाल्ड ट्रंप के बयान के बाद कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया और कहा कि कृपया ज्ञानेश कुमार गुप्ता को अमेरिका ले जाइए और उन्हें वहीं रखिए। हम अपनी EVM भी अगली उपलब्ध फ्लाइट से भेज देंगे। आपने हमारे साथ जो भी बदसलूकी और बदमाशी की है, उसके बदले हम आपके लिए कम से कम इतना तो कर ही सकते हैं। इसके अलावा उन्होंने ट्रंप को अमेरिका में भी SIR कराने की सलाह दे डाली।
बता दें, हाल ही में 'सेव अमेरिका एक्ट' के समर्थन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय चुनाव प्रणाली का उदाहरण दिया था। उन्होंने इस प्रस्तावित कानून के तहत संघीय मतदाता पंजीकरण के लिए वैध फोटो पहचान पत्र और नागरिकता का प्रमाण को अनिवार्य करने की मांग की।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया ट्रुथ सोशल पर पोस्ट भी किया। उन्होंने लिखा कि इस महीने की शुरुआत में, भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त, ज्ञानेश कुमार ने हमारे प्रशासन से पूछा कि अमेरिका में बिना वैध फोटो ID के चुनाव कैसे हो सकते हैं?
ट्रंप ने लिखा कि भारत के पिछले चुनाव में 646,000,000 वोटर थे। 1% से भी कम लोगों ने डाक से वोट दिया और हर वोटर के पास एक वैध फोटो पहचान पत्र होना जरूरी था। हमें अभी 'सेव अमेरिका एक्ट' (SAVE AMERICA ACT) पास करने की जरूरत है।