Fire Accident At Mysuru Restaurant-Bar: कर्नाटक के मैसूर में एक रेस्तरां-बार में भीषण आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग बुरी तरह से झुलस गए हैं। यह घटना सोमवार शाम RT नगर इलाके में दत्तागल्ली के पास स्थित फॉक्स डेन लिकर गैराज बार एंड रेस्टोरेंट' में हुई है।
बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। आग बहुत तेजी से पूरे रेस्तरां में फैल गई और कुछ ही मिनटों में रेस्तरां में काफी हिस्सा जलकर राख हो गया। आग इतनी तेजी से फैला कि अंदर मौजूद लोगों और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में 2 लोगों के मौत की खबर है और 7 लोग बुरी तरह जल चुके है।
मरने वालों की पहचान साहिन (26) और प्रकाश (24) के तौर पर हुई है। साहिन दार्जिलिंग और प्रकाश नेपाल के रहने वाले थे। दोनों इसी रेस्तरां में काम करते थे। बताया गया कि आग के तेज होने के कारण दोनो इमारत के अंदर ही फंस गए थे। जहां जलने से उनकी मौत हो गई।
इस घटना में सात लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। जिन्हें इलाज के लिए करीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के मुताबिक कुछ लोग तो बुरी तारह झुलस चुके है जबकि कुछ लोग इमारत में धुआं भर जाने के कारण वहां से बाहर निकलने के दौरान घायल हो गए। जब आग लगी तब रेस्तरां के अंदर 25 से ज्यादा लोग मौजूद थे।
यह भी पढ़ें- बीकानेर में भीषण हादसा, कार और ट्रक की टक्कर में महिला-बच्ची समेत 6 लोगों की दर्दनाक मौत
हालांकि आग की सूचना पर फायर और इमरजेंसी सर्विस के कर्मचारियों ने तुरंत मौके पर पहुंच कर बचाव अभियान शुरू किया। फायर ब्रिगेड ने जलती हुई इमारत से सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। चश्मदीदों ने बताया कि घने धुएं के कारण कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था जिससे बाहर निकलने के सारे रास्ते बंद हो गए थे। इसलिए अंदर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और लोगों ने खुद को बचाने के लिए इमारत की ऊपरी मंजिल से छलांग लगा दी जिसकी वजह से उन्हें गंभीर चोटें आईं।