नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) के दूसरे चरण के लिए सभी पार्टियां जोरों शोरों से प्रचार प्रचार में लगी हुई है। विपक्षी गठबंधन ने रविवार को झारखंड की राजधानी रांची में 'उलगुलान रैली' (Ulgulan Nyay Maha Rally) का आयोजन किया है। इस रैली में विपक्ष के नेताओं ने केंद्र में सत्ताधिश बीजेपी (BJP) पर जमकर हमला बोला।
नागपुर के संविधान को मानती है बीजेपी
आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी संविधान में बदलाव चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश बाबा साहेब के संविधान को मानता है जबकि भारतीय जनता पार्टी नागपुर के संविधान को मानती है। सिंह ने कहा कि पीएम मोदी कहते हैं कि एक भी भ्रष्टाचारी को नहीं छोड़ूंगा, वे इसलिए कहते हैं कि वह सभी ऐसे नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल कर लेंगे।
महंगाई आसमान पर
आप सांसद ने कहा कि भाजपा ने महंगाई आसमान पर पहुंचा दी है, देश में बेरोजगारी दी है। संजय सिंह ने यह भी दावा किया कि केंद्र सरकार झारखंड की बिजली बांग्लादेश को दे रही है। उन्होंने आगे कहा कि आज केंद्र सरकार और बीजेपी ने सब कुछ गौतम अडानी को दे दिया है।
इंडिया बीजेपी को हराने का काम करेगा
आप के वरिष्ठ नेता ने कहा कि जब भारतीय जनता पार्टी के नेता भ्रष्टाचार पर बोलते है, तब ऐसा लगता है कि ओसामा बिन लादेन और डाकू गब्बर सिंह भ्रष्टाचार पर उपदेश दे रहे हों। राज्य सभा सांसद ने यह भी कहा कि इस चुनाव में इंडिया गठबंधन बीजेपी को हराने का काम करेगा।
अबकी बार तड़ी पार
आप सांसद संजय सिंह ने रैली को संबोधित करते हुए कहा, "INDIA गठबंधन भारत के लिए काम करेगा और मोदी जी अडानी के लिए काम करेंगे। बीजेपी '400 पार' जैसे नारे देकर लोगों को गुमराह करती है। उन्होंने कहा, बंगाल में '200 पार', दिल्ली में '35 पार', झारखंड में '65 पार'...बीजेपी का '400 पार' का नारा फर्जी है। इस बार आपको उन्हें कहना चाहिए 'तड़ी पार, तड़ी पार'।