राहुल गांधी Source- IANS
देश

दो दिन, दो हिरासत और धरना प्रदर्शन...राहुल गांधी के अभियान में अब आगे क्या? खुद बताया

Jantar Mantar Protest: जंतर-मंतर मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया। रिहाई के बाद राहुल ने अभियान जारी रखने की बात कही।

अर्पित शुक्ला

नई दिल्ली: चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का विरोध प्रदर्शन बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। इंडिया गठबंधन के सांसदों ने जनपथ से जंतर-मंतर की ओर मार्च करने की कोशिश की, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया। करीब तीन घंटे तक चले गतिरोध के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और कई अन्य विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया। बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जारी रहेगा अभियान

हिरासत से रिहा होने के बाद राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष का अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं दे देते। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में इंडिया गठबंधन के उन सांसदों का भी आभार जताया, जो लोकतंत्र के मुद्दे पर संसद और सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि पुलिस मार्च को रोक सकती है और नेताओं को बैठक करने से रोक सकती है, लेकिन लोगों की इच्छा को नहीं रोका जा सकता। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और CEC ज्ञानेश कुमार समेत पूरे सिस्टम को जवाबदेह ठहराने की बात कही।

खड़गे के लंच के बाद तीन बसों से निकले सांसद

विपक्षी सांसदों ने इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से जनपथ स्थित एक रेस्टोरेंट में आयोजित लंच में हिस्सा लिया। इसके बाद सांसद तीन बसों में सवार होकर जंतर-मंतर के लिए रवाना हुए। पुलिस ने जनपथ और अशोक रोड के पास उनकी बसों को रोक दिया। इसके बाद विपक्षी सांसदों ने सड़क पर ही प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी को पुलिसकर्मियों ने बस में बैठाकर मौके से ले जाने की कोशिश की। कुछ कांग्रेस नेता बस के ऊपर चढ़ गए और नारेबाजी करने लगे। बाद में राहुल गांधी और अन्य नेताओं को पुलिस थाने ले जाया गया।

संविधान की प्रति लेकर सड़क पर लेटीं प्रियंका गांधी

पुलिस द्वारा मार्च रोके जाने के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कुछ महिला नेता सड़क पर बैठ गईं। प्रियंका गांधी संविधान की प्रति हाथ में लेकर सड़क पर लेट गईं और पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। बाद में महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें वहां से हटाकर हिरासत में लिया।

कांग्रेस और विपक्षी नेताओं ने पुलिस पर प्रदर्शनकारियों के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं। दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन को लेकर लागू प्रतिबंधों और जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए पूर्व अनुमति की आवश्यकता का हवाला दिया है।

कांग्रेस ने बस का टायर पंक्चर करने का किया दावा

कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि राहुल गांधी को जिस बस में ले जाया जा रहा था, उसे पार्टी कार्यकर्ताओं ने अग्रसेन की बावली के पास पंक्चर कर दिया। इसके बाद राहुल गांधी और कुछ अन्य नेताओं को बाराखंभा थाने ले जाया गया।

विपक्षी दलों का प्रदर्शन मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर उठाए जा रहे सवालों के बीच हो रहा है। विपक्ष चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहा है, जबकि चुनाव आयोग और बीजेपी ने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है।

फिल्म हनुमान अंश से कैंची धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, बढ़ती भीड़ बनी खतरा; भक्तों की सुरक्षा बड़ी चुनौती

INDIA Alliance: कांग्रेस का हल्ला बोल, कल मनाएगी काला दिन; ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जारी रहेगी जंग

INDIA ब्लॉक के प्रदर्शन पर BJP का पलटवार! सुधांशु त्रिवेदी बोले- निहायत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय

मिथुन चक्रवर्ती बने बंगाल सरकार के सलाहकार, कैबिनेट मंत्री के बराबर होगा दर्जा

बैरिकेड, धक्का-मुक्की और हिरासत...राहुल गांधी को पुलिस ने रोका, प्रियंका बोलीं- मुझे जगह-जगह खरोंचा गया