Highlights:
दिल्ली-NCR में गरज-चमक के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवाएं चल सकती हैं।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 12 से 15 अक्टूबर के बीच छिटपुट बारिश होने की संभावना है।
बिहार में 13 अक्टूबर को कोई विशेष बारिश चेतावनी जारी नहीं की गई है।
हिमाचल प्रदेश में 13 से 15 अक्टूबर तक बिजली गिरने और बारिश के आसार हैं।
Aaj Ka Mausam 13 October: देश कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार 13 अक्टूबर को करीब 15 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अलग अलग इलाकों में बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर समेत कई क्षेत्रों में बारिश की संभावना है।
वहीं दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में गरज चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इनकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है, जबकि हवा के झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि मंगलवार को देश के अलग अलग राज्यों में मौसम कैसा रहने वाला है।
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-NCR में मंगलवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। हालांकि बारिश होने की कम उम्मीद जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।दिल्ली के साथ हरियाणा और चंडीगढ़ में भी गरज चमक के दौरान तेज हवाएं चलने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में मंगलवार को पश्चिमी हिस्सों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 12 से 15 अक्टूबर के बीच छिटपुट बारिश हो सकती है।
वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 15 और 16 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। प्रदेश के सभी जिलों में एक साथ बारिश होने का अनुमान नहीं है। ऐसे में लोगों को अपने जिले के मौसम पूर्वानुमान पर नजर रखनी चाहिए।
बिहार में मंगलवार 13 अक्टूबर को बारिश को लेकर कोई विशेष चेतावनी नहीं दी गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक इस दिन राज्य में बारिश का कोई बड़ा दौर आने के संकेत नहीं हैं। हालांकि 16 से 18 अक्टूबर के बीच कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। मौसम में बदलाव की स्थिति को देखते हुए स्थानीय पूर्वानुमान पर ध्यान देना जरूरी है।
राजस्थान के कुछ हिस्सों में मंगलवार को बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा राज्य में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम में होने वाले इस बदलाव का असर अलग अलग इलाकों में देखने को मिल सकता है।
हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक 13 से 15 अक्टूबर के बीच राज्य के कुछ इलाकों में गरज चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है। वहीं 14 और 15 अक्टूबर को कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा पहाड़ी इलाकों में मौसम तेजी से बदल सकता है, इसलिए लोगों को यात्रा के दौरान सतर्क रहने की जरूरत है।