भारत की वीजा व्यवस्था में बड़ा बदलाव सोर्स-सोशल मीडिया
देश

भारत की वीजा व्यवस्था में बड़ा बदलाव: 13 से घटकर 9 हुईं मुख्य श्रेणियां, आवेदन फॉर्म भी 70% तक हुए छोटे

India Visa Rules 2026: विदेशी पर्यटकों, छात्रों और मेडिकल टूरिस्ट को मिलेगी राहत। वीजा की 13 मुख्य श्रेणियां घटकर 9 हुईं। आवेदन फॉर्म में 65 से 70% तक कम हुई जानकारी, प्रक्रिया होगी आसान और तेज।

आशीष शुक्ला

Highlights:

  • भारत की वीजा व्यवस्था हुई आसान, 13 से घटकर 9 हुईं मुख्य श्रेणियां

  • वीजा आवेदन फॉर्म में 70% तक कटौती, विदेशी नागरिकों को मिलेगी राहत

  • पर्यटन, मेडिकल और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार का बड़ा कदम

India Visa System Changes 70 Percent Reduction in Visa Form: भारत आने वाले विदेशी नागरिकों के लिए केंद्र सरकार ने वीजा व्यवस्था को आसान और सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में सरकार ने भारतीय वीजा प्रणाली को तर्कसंगत और सरल बनाया है। इस बदलाव से विदेशी पर्यटकों, मेडिकल टूरिस्ट, छात्रों, शोधकर्ताओं और निवेशकों को काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है।

गृह मंत्रालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, 27 अगस्त 2026 को वीजा व्यवस्था में किए गए नए सुधार के तहत मुख्य वीजा श्रेणियों की संख्या 13 से घटाकर 9 कर दी गई है। वहीं, उप-श्रेणियों को 49 से घटाकर 23 कर दिया गया है। यानी अब भारत आने वाले विदेशी नागरिकों के लिए वीजा विकल्प पहले के मुकाबले अधिक स्पष्ट और व्यवस्थित होंगे।

आवेदन प्रक्रिया हुई आसान, फॉर्म में 70% तक कटौती

सरकार ने केवल वीजा श्रेणियों की संख्या ही कम नहीं की, बल्कि आवेदन प्रक्रिया को भी सरल बनाया है। सभी 23 वीजा उप-श्रेणियों के आवेदन फॉर्म में भरी जाने वाली जानकारियों (Fields) की संख्या में 65 से 70 प्रतिशत तक की कटौती की गई है। इससे आवेदकों को कम जानकारी भरनी होगी और आवेदन प्रक्रिया पहले से अधिक आसान और तेज होने की उम्मीद है।

पर्यटन से मेडिकल और शिक्षा क्षेत्र को मिलेगा बढ़ावा

गृह मंत्रालय के अनुसार, इस सुधार का प्रमुख उद्देश्य भारत में विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाना, मेडिकल टूरिज्म को प्रोत्साहित करना और विदेशी छात्रों को भारतीय शिक्षण संस्थानों की ओर आकर्षित करना है। इसके अलावा शोधकर्ताओं, निवेशकों और कारोबारी पेशेवरों के लिए भी वीज़ा प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाया गया है।

अक्टूबर 2025 में भी हुआ था बड़ा सुधार

भारतीय वीजा प्रणाली को सरल बनाने की यह प्रक्रिया पहले भी शुरू की जा चुकी है। अक्टूबर 2025 में सरकार ने मुख्य वीजा श्रेणियों की संख्या 22 से घटाकर 13 और उप-श्रेणियों की संख्या 63 से घटाकर 49 की थी। अब 27 अगस्त 2026 के नए फैसले के बाद इन्हें क्रमशः 9 और 23 कर दिया गया है।

वैश्विक मानकों के अनुरूप तैयार हुई नई व्यवस्था

गृह मंत्रालय के मुताबिक, वीजा प्रणाली में सुधार करते समय सरकार ने विकसित देशों की वीजा व्यवस्थाओं और अंतरराष्ट्रीय मानकों का भी अध्ययन किया है। इसका मकसद वीजा श्रेणियों के बीच भ्रम और ओवरलैप को कम करना है, ताकि विदेशी नागरिक अपनी यात्रा, शिक्षा, इलाज और व्यावसायिक जरूरतों के हिसाब से सही वीजा का चयन कर सकें।

सरकार का मानना है कि इस सुधार से भारत के साथ विदेशी नागरिकों के वैध यात्रा, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और आर्थिक संबंधों को बढ़ावा मिलेगा। कुल मिलाकर, नई वीजा व्यवस्था भारत को विदेशी पर्यटकों, छात्रों और निवेशकों के लिए अधिक सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

MODI कैबिनेट के 5 बड़े फैसले: विश्वस्तरीय संग्रहालय से युवा स्टार्टअप तक, सरकार के बड़े ऐलान

प्रदूषण का असर स्कूलों तक, नोएडा-ग्रेटर नोएडा में 5वीं तक ऑनलाइन-ऑफलाइन पढ़ाई के निर्देश

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत बिगड़ी, AIIMS में कराया गया भर्ती; डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा इलाज

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF जवानों पर आतंकी हमला, गोलीबारी में तीन जवान घायल

भारतीय सेना में डॉक्टर बनने का मौका, आवेदन शुरू; जानें कौन और कैसे करें अप्लाई