India Bloc Meeting: चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल को लेकर देश का राजनीतिक माहौल गर्म है। मंगलवार को हुई CWC की बैठक के बाद आज इंडिया गठबंधन की बैठक प्रस्तावित है। बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त पर लगे गंभीर आरोप के बारे में विस्तार से चर्चा होगी। बैठक मुख्य रूप से कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में उठाए गए मुद्दों पर आधारित होगी, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग करने वाला प्रस्ताव पारित किया गया था।
इंडिया गठबंधन की बैठक में देशव्यापी आंदोलन शुरू करने की रणनीति भी बनाई जाएगी। मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ देश भर में विरोध प्रदर्शन और जनसभाएं की जाएंगी, साथ ही संसद में महाभियोग प्रस्ताव भी लाया जाएगा। एक मीडिया रिपोर्ट के खुलासे के बाद विपक्ष आक्रामक रुख अपनाए हुए है कि दो चुनाव आयुक्तों ने मतदाता सूची में संशोधन और नए नाम शामिल करने के मामलों पर कई बार कुमार से असहमति जताई थी। राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि कुमार ने केवल BJP को वोट चुराने में मदद की है।
इस बैठक में कांग्रेस की ओर से पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और सोनिया गांधी शामिल होंगे, जबकि तृणमूल कांग्रेस की तरफ से ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी, कल्याण बनर्जी और डेरेक ओ'ब्रायन हिस्सा लेंगे। सभी वामपंथी दलों के नेता भी इसमें मौजूद रहेंगे। इसके अलावा, झारखंड मुक्ति मोर्चा के हेमंत सोरेन, आरजेडी प्रमुख तेजस्वी यादव, एनसीपी की सुप्रिया सुले, नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख उमर अब्दुल्ला और पीडीपी की महबूबा मुफ्ती भी शामिल होंगी। शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे वर्चुअल तरीके से बैठक में जुड़ेंगे।
केरल कांग्रेस, वीसीके और एमडीएमके के साथ-साथ राजस्थान की आरएलपी और बीएपी के नेता भी इसमें हिस्सा लेंगे। हालांकि कांग्रेस की तमिलनाडु में सहयोगी पार्टी टीवीके का कोई प्रतिनिधि बैठक में मौजूद नहीं रहेगा, लेकिन निर्दलीय राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल को आमंत्रित किया गया है। समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव 'इंडिया' गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं होंगे। पार्टी का प्रतिनिधित्व वरिष्ठ नेता हरेंद्र मलिक करेंगे।
आम आदमी पार्टी INDIA गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं हो रही है, हालांकि उन्होंने कहा है कि वे मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने के विपक्ष के कदम का समर्थन करेंगे। कांग्रेस की पूर्व सहयोगी DMK - जिसने गठबंधन खत्म होने के बाद विपक्षी गुट छोड़ दिया था। उन्होंने भी कहा है कि वे बैठक में शामिल नहीं हो सकते, हालांकि वे इस मुद्दे का समर्थन करते हैं।