PM मोदी और CM फडणवीस Social Media
देश

CM पद छोड़ेंगे फडणवीस? मोदी कैबिनेट में फेरबदल की अटकलों के बीच PM से की मुलाकात, सियासी हलचल तेज

Modi Cabinet Reshuffle: PM मोदी से मुलाकात के बाद देवेंद्र फडणवीस ने दिल्ली जाने और CM पद छोड़ने की अटकलों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है।

अर्पित शुक्ला

Modi-Fadnavis Meeting: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब बीजेपी ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया है और केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चाएं भी तेज हैं। ऐसे में फडणवीस के केंद्र की राजनीति में जाने और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद से हटने की अटकलों ने जोर पकड़ लिया।

हालांकि, देवेंद्र फडणवीस ने इन अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि दिल्ली दौरे का मकसद महाराष्ट्र की विकास परियोजनाओं और केंद्र से जुड़े लंबित मामलों पर चर्चा करना था।

‘महाराष्ट्र की जिम्मेदारी मुझे सौंपी गई है’

फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें राज्य की जिम्मेदारी सौंपी है और वह आगे भी महाराष्ट्र की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने दिल्ली जाने की अटकलों पर कहा, “चाहे मैं दिल्ली में रहूं या मुंबई में, लोग तरह-तरह की अटकलें लगाते रहते हैं। कई लोगों के पास करने को कुछ और नहीं है, इसलिए उन्हें मेरे बारे में चर्चा करने में मजा आता है। उन्हें मजा लेने दीजिए।”

‘मैं मुंबई में ही हूं’

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह केंद्र के साथ महाराष्ट्र की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को लेकर चर्चा करने दिल्ली आए हैं। इनमें बुनियादी ढांचा, औद्योगिक विकास और विभिन्न लंबित मंजूरियों से जुड़े मुद्दे शामिल हैं।

जब उनसे पूछा गया कि उन्हें दिल्ली भेजे जाने की अटकलें आखिर कौन लगा रहा है, तो फडणवीस ने कहा, “बहुत से लोगों को लगता है कि मुझे दिल्ली जाना चाहिए। मैं सभी से कहता हूं कि मैं मुंबई में ही हूं।”

बीजेपी की नई टीम के सवाल पर क्या बोले?

बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में महाराष्ट्र से नेताओं को मिली जिम्मेदारियों को लेकर पूछे गए सवाल पर फडणवीस ने कहा कि उन्होंने अभी तक पूरी सूची नहीं देखी है।

उन्होंने कहा कि वह अभी प्रधानमंत्री के साथ बैठक से निकले हैं। अगर नई टीम में महाराष्ट्र से कोई शामिल हुआ है तो उन्हें खुशी होगी और वह पूरी सूची देखने के बाद इस पर प्रतिक्रिया देंगे।

मोदी कैबिनेट में फेरबदल की अटकलें क्यों तेज?

केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चा पिछले कुछ समय से चल रही है। संसद के मानसून सत्र के दौरान फेरबदल नहीं होने की अटकलों के बाद अब सत्र खत्म होने के साथ ही इन चर्चाओं ने फिर जोर पकड़ लिया है।

बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में कुछ केंद्रीय मंत्रियों को संगठन में भी जिम्मेदारियां दी गई हैं। ऐसे में संभावित कैबिनेट बदलाव को लेकर राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हैं। इसके अलावा एनडीए के विस्तार और संभावित नए सहयोगियों को केंद्र सरकार में जगह दिए जाने की चर्चाओं ने भी मंत्रिमंडल फेरबदल की संभावना को हवा दी है।

संजय राउत पहले कर चुके हैं दावा

देवेंद्र फडणवीस के केंद्र की राजनीति में जाने का दावा इससे पहले शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत भी कर चुके हैं। हालांकि, फडणवीस के ताजा बयान से साफ है कि फिलहाल वह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद से हटकर दिल्ली जाने की किसी योजना की बात स्वीकार नहीं कर रहे हैं।

आज की ताजा खबर 17 अगस्त LIVE: आय से अधिक संपत्ति मामले में राहुल की अर्जी पर CBI-ED को SC का नोटिस

Explainer: नितिन नबीन की नई टीम का ऐलान, पन्ना प्रमुख से मार्गदर्शक मंडल तक, कैसे काम करती है भाजपा?

PM मोदी के ‘दिमागी नक्सली’ बयान पर केजरीवाल का पलटवार, बोले- ‘मैं दिमागी नक्सली हूं, मुझे गर्व है’

सिलाई के नाम पर लाए, जबरन कराया रैंप वॉक...पूर्व माओवादी महिलाओं का बड़ा दावा, रायपुर फैशन शो पर मचा बवाल!

Ram Mandir Donation Case: सुप्रीम कोर्ट ने SIT की स्टेटस रिपोर्ट सार्वजनिक करने से किया इनकार