Defence Minister Rajnath Singh on Pakistan: उत्तर प्रदेश के आगरा में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान रक्षा मंत्री ने देश की सुरक्षा और आतंकवाद के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। अब सुरक्षा बलों को आतंकियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की पूरी छूट दी गई है।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने महाराणा प्रताप के जीवन, संघर्ष और देशभक्ति को याद करते हुए कहा कि उनका शौर्य और आत्मसम्मान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ने मुगलों के सामने कभी घुटने नहीं टेके और कठिन परिस्थितियों में भी मातृभूमि की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हाल के सुरक्षा अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत अपनी सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाने में सक्षम है। उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि वह आतंकवाद को बढ़ावा देने और भारत विरोधी गतिविधियों से बाज नहीं आता, तो भारत और भी कड़े फैसले लेने पर मजबूर होगा।
उन्होंने कहा कि आज विश्व मंच पर भारत की आवाज को गंभीरता से सुना जाता है और देश की प्रतिष्ठा पहले की तुलना में कहीं अधिक मजबूत हुई है। उन्होंने देशवासियों से महाराणा प्रताप के आदर्शों को अपनाने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
ये भी पढ़ें- Explainer: पाकिस्तान की नाक में दम करने वाला JAAC क्या है, PoK में मचे कोहराम को कैसे दे रहा खाद-पानी?
रक्षा मंत्री ने कहा कि 2014 के पहले आए दिन भारत में कहीं न कहीं आतंकी घटनाएं होती थीं, तब कांग्रेस की तत्कालीन अध्यक्ष ने आतंकवादियों के मारे जाने पर आंसू बहाए थे। यहां तक कि राहुल गांधी ने तो यह कह दिया था कि हम आतंकी घटनाओं को रोक नहीं सकते, क्योंकि छुटपुट घटनाएं तो होती रहती हैं, लेकिन आज हमने अपने जवानों को खुली छूट दे दी है। कहीं भी आतंकी घटना होती है तो आतंकियों का सफाया होना चाहिए। यहां तक कि आतंकियों को सफाया करने के लिए सीमा के पार भी जाना पड़े तो जाओ।