Gyanesh Kumar Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने 8 अक्टूबर को देशव्यापी प्रदर्शन का एलान किया है। कांग्रेस के महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने सभी PCC अध्यक्षों, DCC/CCC/BCC अध्यक्षों, AICC महासचिवों व प्रभारियों, CLP नेताओं, फ्रंटल संगठनों, विभागों और सेल के सभी राष्ट्रीय प्रमुखों और AICC सचिवों/संयुक्त सचिवों को देशव्यापी विरोध प्रदर्शन आयोजित करने के निर्देश दिए है।
के.सी. वेणुगोपाल ने पत्र जारी कर लिखा, "विपक्ष के नेता और जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों पर हमला असल में संविधान पर ही हमला है। इंडियन नेशनल कांग्रेस आज के दिन को भारतीय लोकतंत्र के लिए 'काला दिवस' (BLACK DAY) घोषित करती है। सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटियों, जिला कांग्रेस कमेटियों और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों को निर्देश दिया जाता है कि वे कल, गुरुवार, 8 अक्टूबर 2026 को राज्य, जिला और ब्लॉक/मंडल स्तर पर बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन आयोजित करें।"
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन अराजकता मची रही। लोकसभा में विपक्ष के नेता, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक के सांसदों के मार्च के बाद जबरदस्त हंगामा हुआ।
राहुल और प्रियंका को लगातार दूसरे दिन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हालांकि बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा सांसदों के लिए दिए गए दोपहर भोज के बाद रणनीति के तहत जंतर-मंतर तक ज्ञानेश विरोधी मार्च निकाला गया।
अचानक हुए प्रदर्शन के कारण पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। पहले बस में निकले राहुल का काफिला जैसे ही जंतर-मंतर की ओर बढ़ा, पुलिस ने उसे रोक दिया। राहुल ने बस से उतर कर सुरक्षा घेरा तोड़ा और रास्ता बनाते चले गए। कुछ दूर जाने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की।
दिल्ली पुलिस ने राहुल को हिरासत में तो ले लिया, लेकिन वे गाड़ी में सवार होने के लिए तैयार नहीं थे। पुलिस वालों ने उन्हें कंधे पर उठाकर गाड़ी में ठूंसने की कोशिश की तो उन्होंने गेट के ऊपर पैर सटा दिए। जैसे-तैसे पुलिस ने उन्हें गाड़ी में ठूंस दिया और गिरफ्तार कर थाने ले जाने लगी। उधर मौके पर सैकड़ों कार्यकर्ता जमा हो गए और पुलिस से लगातार भिड़ंत होती रही।
कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग जो भी कर रहा है, उसके पीछे मोदी हैं। पीएम लोकतंत्र खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। विपक्ष जनता को बताना चाहता है कि उसके अधिकार छीने जा रहे हैं।
उधर प्रियंका गांधी भी सड़क पर लेट गईं। उन्होंने कहा, चुनाव आयुक्त से मिलने की गुहार करने पर सांसदों को पीट रहे है। पुलिसकर्मियों ने मुझे जगह-जगह खरोंच दिया। हमें जमीन पर पटक दिया, उधर विरोध प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए जाने के बीच टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा घायल हो गईं।
आकाशवाणी भवन परिसर में जबरन घुसने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में राहुल-प्रियंका समेत इंडिया गठबंधन के 30 से ज्यादा सांसदों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। राहुल ने कहा कि मेरे ऊपर पहले से 45 एफआईआर है।
100 भी हो गई तो मेरे लिए हर एक मेडल जैसी होगी, खरगे ने कहा कि जो सरकार सवाल पूछने वालों पर एफआईआर करती है, वह अवैध है। हमें डराने के लिए ये किया जा रहा है लेकिन हम डरेंगे नहीं। 10 अक्टूबर से देशव्यापी आंदोलन और तेज होगा।