Highlights:
CERA की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, डेटा न गायब होता तो 49 फिसदी अधिक दर्ज होता प्रदूषण
मॉनिटरिंग स्टेशनों से PM2.5 की कई रीडिंग गायब रहने के कारण प्रदूषण का औसत स्तर 49 प्रतिशत तक हुआ कम दर्ज
DPCC के आंकड़ों के अनुसार, दिवाली की रात कई इलाकों में PM2.5 का स्तर 1,000 µg/m³ से अधिक किया गया दर्ज
Delhi Air Quality Pollution Data Missing: दिवाली के दौरान दिल्ली और आसपास के इलाकों में वायु प्रदूषण का वास्तविक स्तर सरकारी आंकड़ों में दर्ज स्तर से कहीं अधिक हो सकता था। सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) के एक विश्लेषण के मुताबिक, मॉनिटरिंग स्टेशनों से PM2.5 की कई रीडिंग गायब रहने के कारण प्रदूषण का औसत स्तर 49 प्रतिशत तक कम दर्ज हुआ।
विश्लेषण में बताया गया है कि यदि गायब रीडिंग को 1,000 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर (µg/m³) माना जाता, तो दिल्ली का औसत PM2.5 स्तर 269 µg/m³ से बढ़कर 400 µg/m³ हो जाता।
दरअसल, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने बताया था कि उसके मॉनिटरिंग स्टेशनों में लगे एनालाइजर अधिकतम 1,000 µg/m³ तक ही पार्टिकुलेट मैटर की सांद्रता मापने के लिए कैलिब्रेट किए गए हैं। दिवाली की रात प्रदूषण का स्तर इस सीमा से ऊपर पहुंचने के कारण कई घंटों तक मशीनें आगे की रीडिंग दर्ज नहीं कर सकीं। CPCB ने इन रीडिंग को औसत AQI की गणना में भी शामिल नहीं किया।
CREA के अनुसार, यदि गायब आंकड़ों को शामिल किया जाता, तो सोमवार को दिल्ली का AQI 344 से बढ़कर गंभीर श्रेणी के करीब पहुंच सकता था। उस दिन आधिकारिक AQI 344 यानी 'बहुत खराब' श्रेणी में दर्ज किया गया था।
18 प्रतिशत आंकड़े मिले गायब
CREA ने 8 नवंबर शाम 4 बजे से 9 नवंबर शाम 4 बजे तक दिल्ली के 59 मॉनिटरिंग स्टेशनों के प्रति घंटे के PM2.5 आंकड़ों का विश्लेषण किया। इस दौरान कुल 1,416 संभावित स्टेशन-घंटे की रीडिंग में से 255 आंकड़े गायब मिले। यानी करीब 18 प्रतिशत डेटा उपलब्ध नहीं था।
विश्लेषण में गायब आंकड़ों को 1,000 µg/m³ मानकर संवेदनशीलता परीक्षण किया गया। इसके बाद औसत PM2.5 स्तर 269 µg/m³ से बढ़कर 400 µg/m³ पहुंच गया।
कई इलाकों में 3,000 µg/m³ के पार पहुंचा PM2.5
दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) के आंकड़ों के अनुसार, दिवाली की रात कई इलाकों में PM2.5 का स्तर 1,000 µg/m³ से अधिक दर्ज किया गया। DPCC के मुताबिक, कम से कम 11 स्थानों पर प्रति घंटे PM2.5 की सांद्रता 2,000 µg/m³ से ऊपर पहुंच गई थी। वहीं, चार स्थानों पर यह आंकड़ा 3,000 µg/m³ के पार चला गया।
DPCC कुल 60 में से 43 मॉनिटरिंग स्टेशन संचालित करता है, जबकि CPCB सभी 60 स्टेशनों से आंकड़े एकत्र कर AQI जारी करता है। इनमें से एक स्टेशन पिछले कई महीनों से बंद है।
तय मानकों से कई गुना अधिक रहा प्रदूषण
PM2.5 के लिए भारत का दैनिक राष्ट्रीय परिवेशी वायु गुणवत्ता मानक 60 µg/m³ है, जबकि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इसके लिए 15 µg/m³ का सुरक्षित दैनिक दिशानिर्देश निर्धारित किया है।
दिल्ली में दिवाली के दौरान दर्ज 269 µg/m³ का औसत स्तर भी भारतीय मानक से कई गुना अधिक था। CREA के विश्लेषण में गायब आंकड़ों को शामिल करने पर यह स्तर 400 µg/m³ तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।
गौरतलब है कि AQI की गणना PM2.5 समेत आठ प्रदूषकों के आधार पर की जाती है। ऐसे में मॉनिटरिंग स्टेशनों से प्रदूषण के आंकड़े गायब रहने का असर शहर की औसत वायु गुणवत्ता की आधिकारिक तस्वीर पर भी पड़ सकता है।