Bhagwant Mann Meets President: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करेंगे। जिसमें आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसदों के भाजपा में शामिल होने पर अवैध और गैरकानूनी दलबदल का मुद्दा उठाएंगे। इससे पहले मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा था कि उन्हें राष्ट्रपति भवन से पुष्टि मिल गई है और मंगलवार को हम सात राज्यसभा सांसदों द्वारा अवैध और गैरकानूनी दलबदल का मुद्दा उठाने के लिए भारत के राष्ट्रपति से मिलेंगे। उन्होंने कहा था कि जनता के जनादेश का अपमान करने वाले ये सांसद किसी भी दया के पात्र नहीं हैं क्योंकि वे पंजाब और पंजाबियों के गद्दार हैं।
बता दें कि आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसद राघव चड्डा, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, हरभजन सिंह, विक्रम साहनी, स्वाति मालीवाल और राजिंदर गुप्ता अप्रैल में पिछले महीने बीजेपी में शामिल हो गए हैं। इससे आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा। सात राज्यसभा सांसदों के बीजेपी में शामिल होने के बाद उच्च सदन में AAP के सांसदों की संख्या 10 से घटकर मात्र 3 रह गई है। AAP विधायकों के साथ राष्ट्रपति से मीटिंग पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मीडिया से कहा कि क्या भाजपा में शामिल होने के बाद कोई कानून से ऊपर हो सकता है? कानून सबसे ऊपर है। मैं राष्ट्रपति को सूचित करूंगा और उन्हें हर बात से अवगत कराऊंगा।
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि जो लोग इस दलबदल को सामान्य बात या परंपरा बता रहे हैं, वे जनता के फैसले की घोर अवहेलना को उचित ठहरा रहे हैं। यह अस्वीकार्य है। इस तरह की बातें करने वाले लोग अपनी निष्ठा बदलने की तैयारी में दिख रहे हैं। पंजाब में सरकार की मजबूती की पुष्टि करते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि राज्य सरकार को सदन के अंदर और बाहर दोनों जगह पूर्ण विश्वास प्राप्त है।
ये भी पढ़ें- बंगाल से ममता की विदाई होते ही सरकारी फाइलों पर लगा पहरा; मुख्य सचिव ने जारी किया आदेश, जानें क्या है मामला
राज्य में फ्लोर टेस्ट की कोई भी मांग अनावश्यक हो जाती है। मुख्यमंत्री मान ने आगे कहा कि बजट सुचारू रूप से पारित हो गया है और हर छोटा या बड़ा विधेयक सदन में सफलतापूर्वक पारित हो गया है। यह स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि सरकार सदन में पूर्ण बहुमत में है।
आलोचकों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि विधानसभा सत्र बुलाने के औचित्य पर सवाल उठाने वालों को पहले केंद्र सरकार द्वारा पूरी की गई गारंटियों का जवाब देना होगा। उसके बाद ही वे हमारे बारे में सवाल उठा सकते हैं।