Breaking News Today LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 और 11 जुलाई को न्यूज़ीलैंड की ऐतिहासिक यात्रा पर रहेंगे। आज दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत 18 राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बस्ती और अयोध्या जिलों का दौरा करेंगे। कांग्रेस पार्टी, अयोध्या में राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मुद्दे पर केंद्र सरकार और मंदिर ट्रस्ट के खिलाफ देशव्यापी जन-जागरूकता अभियान शुरू करेगी। इस अभियान के दौरान, पार्टी नेता बीजेपी सरकार की पोल खोलने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय आज करूर दौरे के दौरान सरकार के एक बड़े जन-संपर्क कार्यक्रम ('मक्कल संदिप्पु') में शामिल होंगे, जहां वे पिछले साल हुई एक दुखद भगदड़ में जान गंवाने वाले 41 पीड़ितों के परिवारों से मिलेंगे। देश और दुनिया से जुड़ी तमाम लेटेस्ट अपडेट्स जानने के लिए बने रहिए नवभारत लाइव के साथ...
डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा, "UBT के लोग जो टिप्पणी कर रहे हैं उनको कोई अधिकार नहीं है राम मंदिर के बारे में टिका-टिप्पणी करने वाले मंदिर वही बनाएंगे तरीख नहीं बताएंगे ऐसी टिप्पणी करने वाले, पीएम के ऊपर टिप्पणी करने वाले, राम मंदिर बनेगा नहीं ऐसा बोलने वाले....बालासाहब ठाकरे जी का सपना था अयोध्या में राम मंदिर बने उस सपने को पूरा करने का काम पीएम मोदी ने किया है इसलिए मैं यही कहूंगा जो राम मंदिर में करोड़ों लोगों की आस्था है..राम मंदिर मामले में जो भी दोषी होंगे उसको बख्शा नहीं जाएगा। लेकिन जो लोग आज बोल रहे हैं जो राम का नहीं वो किसी काम का नहीं है...राम भक्त राजनीति समझते और राम भक्तों का अपमान करने वालों को राम भक्त बख्शेंगे नहीं।"
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बांकीपुर उपचुनाव पर कहा, "कोई भी विधानसभा क्षेत्र या लोकसभा क्षेत्र किसी की जागीर नहीं है। अगर जनता खड़ी हो जाए तो बड़े से बड़े नेता का पसीना निकल सकता है। आज जनता के सामने एक विकल्प आ गया है तो भाजपा को उम्मीदवार नहीं मिल रहा है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह विशाखापत्तनम पहुंचे। विशाखापत्तनम में रक्षा मंत्री 11 जुलाई को प्रोजेक्ट 17A के छठे स्टील्थ फ्रिगेट 'महेंद्रगिरि' के कमीशनिंग समारोह में शामिल होंगे।
हनुमानगढ़ी नमाज विवाद पर समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, योगी जी फैजाबाद गए थे वहां पर उन्होंने विकास की कोई बात नहीं कही। जबकि किसान एक-एक बोरी खाद के लिए परेशान है, अस्पताल की हालत बहुत खराब है विकास नाम की कोई चीज नहीं है। केवल उन्होंने इस बात की कोशिश की कि उनकी जो पहचान है वो कम न हो। पेपर लीक से छात्र परेशान है आत्महत्याएं करने के लिए उतर रहा है और जितना हमने विकास किया था उसके अलावा एक इंच विकास नहीं हुआ है...वो बस अपनी पहचान बचाने के लिए ऐसा भाषण दिए हैं चुनाव के लिए वो बहुत परेशान हैं क्योंकि PDA और अखिलेश यादव के प्रति विश्वास बढ़ता जा रहा है और दूसरी तरफ (भाजपा) इनकी तरफ विश्वास घटता जा रहा है इसलिए वो बहुत परेशान हैं अखिलेश यादव सीएम बनेंगे और इसी चिंता में वह कुछ भी बोले जा रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी ने दतिया के पूर्व विधायक और गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट काट दिया है। उनकी जगह पार्टी ने आशुतोष तिवारी को टिकट दिया है।
बीजेपी ने पटना के बांकीपुर से अभिषेक कुमार 'बंटी' की जगह अब नीरज कुमार सिन्हा को टिकट दिया है। पार्टी की तरफ से जारी एक प्रेस रिलीज में इसकी घोषणा की गई है। इससे पहले घोषित उम्मीदवार अभिषेक कुमार ने पारिवारिक कारण का हवाला देते हुए अपना नामांकन वापस ले लिया था।
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव में BJP के प्रत्याशी अभिषेक कुमार सिन्हा बंटी ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है। अभिषेक ने चुनावी मैदान से हटने का फैसला किया है। उन्होंने इस बारे में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को भी पत्र लिखा है।
सुप्रीम कोर्ट में एक याचिकाकर्ता ने अपनी ही याचिका पर बहस करते हुए न्यायाधीशों के प्रति अभद्र व्यवहार किया। उसने न केवल पीठ को निर्देश देने की कोशिश की, बल्कि कथित तौर पर गाली-गलौज की और केस से जुड़े दस्तावेज भी न्यायाधीशों की ओर उछाल दिए। इसके बाद अदालत ने तत्काल सुरक्षा कर्मियों को उसे कोर्ट रूम से बाहर ले जाने का निर्देश दिया।
कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने यूपी में होने वाले चुनाव पर कहा, "राम मंदिर के आंदोलन के समय और जब राम मंदिर बन रहा था और इससे जो लोग जुड़े थे हमने तब कहा था इसको आस्था से संबंधित रखिए और सीमित रखिए इसको राजनीति में मत लाए लेकिन हमारी बात नहीं मानी गई....हम राम मंदिर को राजनीति में नहीं लाएंगे, हम सबका दायित्व बनता है कि हर एक की आस्था का सम्मान हो और राम मंदिर और भगवान राम जी की आस्था का सम्मान होना चाहिए लेकिन इसको राजनीति में न लाए तो अच्छा है अब जनता अपना निर्णय खुद लेगी। हम तो यही कहेंगे कि जनता की सेवा के लिए कौन उचित है ये प्रस्तुत हम जनता के सामने करें और जनता से अपना समर्थन लेने की कोशिश करें।'
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने स्वदेश वापसी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वो इस साल के अंत में बांग्लादेश लौट जाएंगी और वहां की अदालत के सामने सरेंडर करेंगी। इसके साथ ही हसीना ने कहा कि उन्हें अपनी जान का खतरा है, लेकिन इसके बाद भी वह अपना फैसला नहीं बदलेंगी। हसीना ने यह बयान हाल ही में रॉयटर्स को दिए अपने इंटरव्यू में दिया।
दिल्ली हाई कोर्ट ने अभिनेता राजपाल यादव के चेक बाउंस के मामलों में उनकी सजा को बरकरार रखा है। जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने यह आदेश सुनाया है।
महाराष्ट्र के ठाणे में डोंबिवली के शास्त्रीनगर अस्पताल में एक डॉक्टर के साथ मारपीट के मामले में आरोपी शिवसेना पार्षद रमेश म्हात्रे को मेडिकली फिट घोषित किए जाने के बाद कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
बिहार के खान सर की जमानत पर एक बार फिर फैसला टल गया। कोर्ट में डिस्ट्रिक्ट जज की अनुपस्थिति के कारण फैसला टल गया है। पटना में कोचिंग विवाद को लेकर खान सर और उनके 5 सहयोगियों पर आज फैसला आना था।
मेटा ने व्हाट्सऐप के "यूजरनेम" फीचर को रोल आउट करने के बारे में सरकार को अपना जवाब भेज दिया है। व्हाट्सऐप से कल रात जवाब मिला। अभी इसकी जांच की जा रही है। 1 जुलाई को सरकार ने भारत में व्हाट्सऐप पर "यूजरनेम" फीचर रोल आउट करने के बारे में मेटा को नोटिस भेजा था। नोटिस में सरकार ने मेटा से "यूजरनेम" फीचर के बारे में विस्तार से जानकारी देने को कहा था। सरकार ने मेटा से कहा था कि जब तक इस मामले पर बातचीत पूरी नहीं हो जाती, तब तक "यूजरनेम" फीचर रोल आउट न करे।
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को 24/7 हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री लगातार डिजास्टर मैनेजमेंट के सेक्रेटरी विनोद कुमार सुमन से स्थिति और तैयारियों के बारे में अपडेट ले रहे हैं।
कर्नाटक में कल रात कलबुर्गी जिले के डंडोती में मुरारजी देसाई हॉस्टल में रात का खाना खाने के बाद पेट दर्द की शिकायत पर 50 छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इन 50 छात्रों में से 31 को चित्तापुर अस्पताल, 10 को गुंडगुर्ती अस्पताल, 5 को मल्खेड अस्पताल और 1 को डंडोती अस्पताल में भर्ती कराया गया। कलबुर्गी के DC इकरामउल्ला शरीफ़ और DHO शरणबसप्पा ने स्थिति का जायजा लेने के लिए चित्तापुर अस्पताल का दौरा किया।
नासिक की एक स्पेशल कोर्ट ने कथित धर्म परिवर्तन के मामले में आरोपी TCS कर्मचारी निदा खान को जमानत दे दी। कोर्ट ने उनके पांच महीने की प्रेगनेंसी और जेल में बच्चे के जन्म से बचने की जरूरत का हवाला दिया। कोर्ट ने अपने फैसले में भगवान कृष्ण के जन्म का जिक्र किया। कोर्ट ने यह भी ध्यान दिया कि जांच पूरी हो चुकी है और चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। निदा खान पर आरोप है कि उन्होंने एक साथी कर्मचारी पर इस्लाम अपनाने के लिए दबाव डाला और हिंदू देवी-देवताओं का अपमान किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज ऑस्ट्रेलिया दौरे का आखिरी दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के आखिरी दिन मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में शेन वॉर्न स्टैंड का दौरा किया।
जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार को उधमपुर में जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर टोल्डी नाला के पास अमरनाथ यात्रा के पांच तीर्थयात्री अपनी गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने से घायल हो गए। ये तीर्थयात्री जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से पहलगाम जा रहे थे। घायल तीर्थयात्रियों को तुरंत उधमपुर के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बिहार के पटना में एक कॉन्ट्रैक्ट लाइनमैन की मौत के बाद बेउर मोड़ पर सड़क जाम और आगजनी हुई। परिवार का आरोप है कि उसकी गाड़ी से गलती से एक बच्चा टकरा गया था, जिसके बाद भीड़ ने पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। हालात को काबू में करने और ट्रैफिक बहाल करने के लिए मौके पर स्थानीय पुलिस बल तैनात किया गया है।
हरियाणा में गुरुग्राम के सुशांत लोक में पुलिस मुठभेड़ में विदेश से ऑपरेट होने वाले दीपक नंडाल गैंग के चार शूटर मारे गए और एक घायल हो गया। ये बदमाश फिरौती की मांग को लेकर SGT यूनिवर्सिटी के फाउंडर के बेटे के घर पर फायरिंग करने आए थे। जवाबी कार्रवाई में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
आज दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत 18 राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने हरियाणा के कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक भारी वर्षा, भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का खतरा जताया गया है।