(फोटो सोर्स सोशल मीडिया)  
हिमाचल प्रदेश

माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव को मिलेगा राज्य स्तरीय दर्जा, 250 करोड़ रुपए में बनेगा भव्य मंदिर

ऊना जिले में पहली बार माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव आयोजित किया गया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने घोषणा की है कि इस महोत्सव को राज्य स्तरीय दर्जा दिया जायेगा।

रीना पंवार

ऊना : हिमाचल प्रदेश के माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव को राज्य स्तरीय दर्जा दिया जायेगा। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इसकी घोषणा की है। ऊना जिले में पहली बार आयोजित किए जा रहे इस तीन दिवसीय महोत्सव का आगाज मेला ग्राउंड अम्ब में बीते गुरूवार 26 सितंबर की शाम से हो गया है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इसका शुभारंभ किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ने महोत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या पर लोगों को संबोधित करते हुए यह घोषणा की।

इस घोषणा को लेकर आज शुक्रवार को सरकार की ओर से एक बयान जारी किया गया। महोत्सव के मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा माता श्री चिंतपूर्णी के मंदिर का खजाना धन से भरा पड़ा है, लेकिन प्रशासन ने महोत्सव पर मंदिर का एक भी पैसा खर्च नहीं किया। ऐसा करके प्रशासन ने एक अच्छी मिसाल कायम की है।

250 करोड़ लागत से बनेगा भव्य मंदिर

इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने हिमाचली कलाकारों के हित में प्रशासन को निर्देश भी दिया। इसमें उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि अगले साल से महोत्सव की एक रात पूरी तरह से स्थानीय कलाकारों के नाम की जाए, ताकि कलाकारों को मिलने वाले कुल भुगतान का 50 प्रतिशत हिमाचली कलाकारों को मिले। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही 250 करोड़ रुपये की लागत से माता श्री चिंतपूर्णी का भव्य मंदिर भी बनाया जाएगा। इसके लिए यह राशि तीन किस्तों में खर्च की जाएगी। पहली किस्त में 70 करोड़, दूसरी किस्त में 80 करोड़ तथा तीसरी किस्त में 100 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

बनेगा नया बस अड्डा और विश्राम गृह

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ने अंब में लोगों की सुविधा के लिए नया बस अड्डा तथा जल शक्ति विभाग का विश्राम गृह बनाने की योजना की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग की परियोजनाओं को मूर्त रूप देने के लिए चार करोड़ रुपये भी किए जाएंगे। अग्निहोत्री ने कहा कि इस परियोजना के लिए दो करोड़ रुपये की पहली किस्त कल ही जारी कर दी जाएगी तथा दूसरी किस्त कुछ दिनों बाद जारी की जाएगी।

पैरा एथलीट को किया सम्मानित

माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव के शुभारंभ के मौके पर उपमुख्यमंत्री ने अंब के स्टार पैरा एथलीट निषाद कुमार को भी सम्मानित किया। पैरा एथलीट निषाद कुमार ने लगातार दो पैरालंपिक में रजत पदक हासिल किया है। उपमुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए खिलाड़ी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, ''निषाद ने न केवल देश व प्रदेश का गौरव बढ़ाया है बल्कि उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि मजबूत हौसले के आगे कोई बाधा टिक नहीं सकती।''

(एजेंसी इनपुट के साथ)

आज की ताजा खबर 16 अगस्त LIVE: एक क्लिक में पढ़ें दिनभर की सारी बड़ी खबरें

राजस्थान के सरकारी स्कूलों में मीडिया की नो एंट्री! फोटो-वीडियो पर भी लगा बैन, नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई

आचार्य प्रमोद कृष्णम का कांग्रेस पर बड़ा हमला, बोले- राहुल गांधी पाकिस्तान के राष्ट्रपति जैसे

Tamil Nadu NEET Protest: विधानसभा के नए प्रस्ताव के बावजूद चेन्नई में NEET के खिलाफ प्रदर्शन जारी

JPSC-JSSC पेपर लीक के खिलाफ छात्रों का फूटा गुस्सा, हेमंत सोरेन के साथ राहुल-तेजस्वी का भी फूंका पुतला