Heavy Traffic Jam in Gurugram: गुरुग्राम में दोपहर से शुरू हुई मूसलाधार बारिश के कारण शहर में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे ट्रैफिक पूरी तरह चरमरा गया। खासकर एनएच-48 पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इसमें गाड़ियां घंटों फंसी रहीं। सड़कों पर पानी भरने से लोगों को अपने घर और दफ्तर पहुंचने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
बारिश के कारण गुरुग्राम के नरसिंहपुर, सेक्टर 29, सेक्टर 31, सेक्टर 45, सेक्टर 56, डीएलएफ फेज 3 और पालम विहार सहित कई इलाकों में जलभराव हो गया। ऑफिस टाइम में भारी बारिश के चलते लोग सड़कों पर जाम में फंस गए और घंटों इंतजार करते रहे।
इस स्थिति पर विपक्ष ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए कहा कि यह भाजपा का "ट्रिपल इंजन विकास मॉडल" है, जिसमें केंद्र, राज्य और नगर निगम तीनों मिलकर भी बारिश जैसी सामान्य स्थिति से निपटने में असफल हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी केवल हेलीकॉप्टर में यात्रा करते हैं, इसलिए उन्हें सड़कों की हालत का अंदाजा ही नहीं है।
सुरजेवाला ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार ने जल निकासी, सीवेज सिस्टम और ट्रैफिक प्रबंधन के नाम पर करोड़ों खर्च किए, लेकिन जमीनी हालात नहीं बदले। उन्होंने गुरुग्राम को "मिलेनियम सिटी" बताने के दावे को खोखला बताते हुए कहा कि असल में यह ट्रिपल इंजन विफलता का जीता-जागता उदाहरण है।
वहीं शिवसेना (यूबीटी) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गुरुग्राम में डबल इंजन की सरकार है, लेकिन इसकी विफलता भी डबल है। उन्होंने कहा कि बारिश ने एक बार फिर दिखा दिया है कि मिलेनियम सिटी का विकास केवल कागजों पर है।
मौसम विभाग ने 2 सितंबर को भी गुरुग्राम के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऐसे में हालात और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें और जलभराव वाले इलाकों से बचकर रहें।