Yami Gautam Reaction On AI Image: आर्टिकल 370, हक और धुरंधर द रिवेंज में अपनी एक्टिंग से लोगों को दीवाना बनाने वाली यामी गौतम ने अपनी एआई जनरेटेड इमेज को लेकर बड़ी बात कही है।
हाल ही में बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल अवॉर्ड जीतने वाली यामी गौतम ने एआई की मदद से फेक और मॉर्फ्ड कंटेंट बनाए जाने के मामले पर खुलकर अपनी राय रखी है। उन्होंने इसको लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपना बयान जारी किया है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपील करते हुए लिखा है कि मीडिया से एक अपील है। प्लीज़, पब्लिक में मेरी तस्वीरों को बदलने या बेहतर बनाने के लिए AI का इस्तेमाल न करें। प्लीज़ इमेज को ओरिजिनल फ़ॉर्म में इस्तेमाल करें। किसी व्यक्ति की इमेज या इमेज को AI का इस्तेमाल करके बदलना या उसमें हेरफेर करना, उनकी जानकारी और मंज़ूरी के बिना नहीं किया जाना चाहिए। मेरी रिक्वेस्ट मानने के लिए पहले से धन्यवाद!
अगर यामी गौतम के वर्कफ्रंट की बात की जाए, तो यामी अपनी अपकमिंग फिल्म नई नवेली के प्रमोशन में जुटी है। ये फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। फिल्म में वह मोहिनी के किरदार में नजर आएंगी। यह एक फैमिली एंटरटेनर फिल्म है, जिसमें परिवार, ह्यूमर, इमोशन, फैंटेसी और एक्शन का मिश्रण देखने को मिलेगा। नई नवेली को आनंद एल राय और हिमांशु शर्मा ने मिलकर प्रोड्यूस किया हैं। यह फिल्म दशहरे से पहले 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
एआई टेक्नोलॉजी आने के बाद से लगातार सेलेब्रिटीज डीपफेक और मॉर्फ्ड फोटोज का शिकार हो रहे हैं। जिसके चलते जान्हवी कपूर से लेकर सामंथा प्रभु रुथ तक अपने पर्सनैलिटी राइट्स का उपयोग करने के लिए देश के अलग-अलग न्यायालयों में दस्तक दे चुके हैं।
आपको बता दें कि यामी गौतम की यह सोशल मीडिया पोस्ट ऐसे समय में आया है, जब हाल ही में फिल्म देवरा के गाने चुट्टामल्ले से जुड़ा एक मॉर्फ्ड वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा था। हालांकि यामी ने अपनी पोस्ट में किसी भी वीडियो का जिक्र नहीं किया, लेकिन उन्होंने एआई के जरिए किसी की तस्वीर या पहचान में बदलाव किए जाने को लेकर अपनी बात साफ तौर पर रखी।