Matka King season 2: ओटीटी प्लेटफॉर्म पर पिछले कुछ समय में कई ऐसी वेब सीरीज आई हैं, जिन्होंने दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई है। इसी सूची में अब मटका किंग का नाम भी शामिल हो चुका है। 1960 के दशक की मुंबई और वहां की अंडरवर्ल्ड दुनिया पर आधारित इस सीरीज को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। अब पहले सीजन की सफलता के बाद मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर इसके दूसरे सीजन की घोषणा कर दी है।
मेकर्स ने गुरुवार को सोशल मीडिया के जरिए जानकारी साझा करते हुए बताया कि मटका किंग का दूसरा सीजन अब डेवलपमेंट स्टेज में है। पहले सीजन को मिली शानदार प्रतिक्रिया के बाद कहानी को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया है। इस खबर के सामने आते ही फैंस के बीच उत्साह बढ़ गया है और लोग अब अगले सीजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
मटका किंग की कहानी 1960 के दशक की मुंबई पर आधारित है। उस समय शहर तेजी से बदल रहा था और अपराध की दुनिया भी अपने पैर पसार रही थी। सीरीज में सत्ता, लालच, महत्वाकांक्षा और गैरकानूनी कारोबार की दुनिया को गहराई से दिखाया गया है। कहानी एक ऐसे साधारण व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है, जो धीरे-धीरे अपराध जगत का बड़ा चेहरा बन जाता है। सीरीज में दिखाया गया कि कैसे एक छोटा कारोबार समय के साथ अंडरवर्ल्ड साम्राज्य में बदल जाता है।
सीरीज में विजय वर्मा ने ‘ब्रिज भट्टी’ का किरदार निभाया था, जो मटका सट्टे की दुनिया का बड़ा नाम बन जाता है। उनका किरदार ताकत और पैसे की चाह में अपराध की दुनिया में गहराई तक उतरता चला जाता है। विजय वर्मा की दमदार एक्टिंग को दर्शकों और समीक्षकों दोनों ने काफी पसंद किया। अब दूसरे सीजन में उनका किरदार और भी ज्यादा खतरनाक और प्रभावशाली अंदाज में नजर आ सकता है। यही वजह है कि फैंस नए सीजन को लेकर काफी उत्साहित हैं।
मटका किंग में कृतिका कामरा, सई ताम्हणकर, सिद्धार्थ जाधव, भूपेंद्र जडावत और गुलशन ग्रोवर जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। इसके अलावा जेमी लीवर, गिरीश कुलकर्णी और इश्तियाक खान समेत कई कलाकारों ने अपने अभिनय से कहानी को मजबूत बनाया। सीरीज में अपराध के साथ-साथ राजनीति, समाज और बदलते समय की तस्वीर भी दिखाई गई, जिसने इसे दर्शकों के बीच और ज्यादा खास बना दिया।