Toxic And Hanuman Ansh Collection: बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ और बाबा नीम करौली पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की कमाई चर्चा में है। बड़े बजट और स्टारकास्ट से सजी ‘टॉक्सिक’ को दर्शकों से उम्मीद के मुताबिक रिस्पॉन्स नहीं मिल रहा है। वहीं, ‘हनुमान अंश’ ने शुरुआत में धीमी रफ्तार के बाद बॉक्स ऑफिस पर ऐसी पकड़ बनाई कि फिल्म ने 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया।
यश की ‘टॉक्सिक’ मेगा बजट फिल्मों में शामिल है। फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है और इसमें कई लोकप्रिय कलाकार नजर आए हैं। इसके बावजूद फिल्म की कमाई में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। फिल्म ने पहले हफ्ते में 239.30 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। इसके बाद शुक्रवार को फिल्म ने 1.75 करोड़ रुपये कमाए। शनिवार को कमाई बढ़कर 2.28 करोड़ रुपये हुई, जबकि रविवार को खबर लिखे जाने तक फिल्म ने 1.98 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इन आंकड़ों के मुताबिक ‘टॉक्सिक’ की अब तक की कुल कमाई 245.31 करोड़ रुपये हो गई है।
वहीं, बाबा नीम करौली पर आधारित ‘हनुमान अंश’ की कहानी बॉक्स ऑफिस पर बिल्कुल अलग देखने को मिल रही है। फिल्म ने रिलीज के दिन महज 10 लाख रुपये का कारोबार किया था। दूसरे हफ्ते में भी फिल्म सिर्फ 70 लाख रुपये ही कमा सकी। हालांकि, तीसरे हफ्ते से फिल्म की कमाई ने अचानक रफ्तार पकड़ ली। विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने तीसरे हफ्ते में 10.40 करोड़ रुपये कमाए, जबकि चौथे हफ्ते का कलेक्शन 61 करोड़ रुपये रहा।
‘हनुमान अंश’ ने शुक्रवार को 10 करोड़ रुपये, शनिवार को 16.50 करोड़ रुपये और रविवार को खबर लिखे जाने तक 17.78 करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी। फिल्म का कुल कलेक्शन अब 117.16 करोड़ रुपये पहुंच गया है। इस तरह धीमी शुरुआत के बावजूद ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार वापसी की है और फिल्म की कमाई लगातार सुर्खियां बटोर रही है।