Sidharth Malhotra The Vvan Collection Day 12: बॉक्स ऑफिस पर रिलीज होने वाली फिल्मों का सफर अक्सर समय के साथ कमजोर पड़ने लगता है, लेकिन कुछ कहानियां दर्शकों के बीच अपनी जगह बनाए रखने में सफल रहती हैं। सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया स्टारर फिल्म द वन - फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट का सफर भी कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है।
दूसरे हफ्ते के वर्किंग डेज में एंट्री करने के बाद जहां कमाई के आंकड़े गिरने की आशंका जताई जा रही थी, वहीं इस थ्रिलर ड्रामा ने मंगलवार को एक बार फिर सबको चौंका दिया है। टिकट विंडो पर दर्शकों की बढ़ती मौजूदगी ने फिल्म को एक बार फिर से नई मजबूती दी है।
सैक्निल्क की रिपोर्ट के अनुसार फिल्म ने अपनी रिलीज के 12वें दिन यानी दूसरे मंगलवार को भारत में 1.20 करोड़ का शुद्ध कलेक्शन किया है। यह आंकड़ा पिछले दिन यानी सोमवार के 0.95 करोड़ के कलेक्शन से लगभग 26.3 प्रतिशत ज्यादा है।
देश भर के 1,990 शो में फिल्म को दर्शकों की ओर से अच्छे रिस्पॉन्स मिले है। इस नए कलेक्शन के साथ ही भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन अब 64.25 करोड़ तक पहुंच गया है, जबकि इसका ग्रॉस कलेक्शन 76.30 करोड़ हो गया है।
घरेलू मोर्चे के साथ-साथ विदेशी बाजारों में भी फिल्म 'द वन - फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' का कलेक्शन का सिलसिला लगातार जारी है। 12वें दिन ओवरसीज मार्केट से फिल्म के खाते में 0.10 करोड़ जुड़े, जिससे इसका कुल विदेशी ग्रॉस कलेक्शन 7.20 करोड़ हो गया है।
भारतीय और अंतरराष्ट्रीय आंकड़ों को मिला दिया जाए तो दुनिया भर में इस फिल्म ने अब तक 83.50 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। वर्किंग डेज होने के बावजूद कई बड़े शहरों में नाइट और इवनिंग शो में दर्शकों की उपस्थिति काफी संतोषजनक बनी हुई है।
दीपक कुमार मिश्रा के डायरेक्शन में बनी फिल्म 'द वन - फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' अपनी अनूठी कहानी और लोककथा पर आधारित फैंटसी प्लॉट के कारण चर्चा में बनी हुई है। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया के साथ अनूप सोनी, मनीष पॉल और सुनील ग्रोवर जैसे कलाकारों ने अहम भूमिका निभाई हैं। एक शहरी व्यक्ति का अपनी पुरानी मान्यताओं और रहस्यमयी ताकतों से सामना होने की यह थ्रिलर कहानी दर्शकों को खूब पसंद आ रही है।