The Traitors 2 Winner: करण जौहर के चर्चित रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स 2’ का ग्रैंड फिनाले बेहद रोमांचक रहा। 21 कंटेस्टेंट्स के साथ शुरू हुए इस खेल में आखिर तक छह खिलाड़ी पहुंचे थे। फिनाले में एक के बाद एक ट्विस्ट आए और आखिरकार वही खिलाड़ी विजेता बने, जिनकी असली पहचान सबसे लंबे समय तक छिपी रही। क्रिस्टल डिसूजा और रिदा थराना ने गद्दार बनकर खेलते हुए 66 लाख रुपये की इनामी राशि अपने नाम कर ली।
फिनाले में क्रिस्टल डिसूजा, रिदा थराना, शालिनी पासे, दलिप ताहिल, साहिल सलाथिया और मल्लिका शेरावत पहुंचे थे। आखिरी दिन का खेल एक बड़े मिशन के साथ शुरू हुआ। मिशन के दौरान एक प्रतिमा में धमाका हुआ और इसके बाद कंटेस्टेंट्स के सामने सबसे मुश्किल फैसला आया कि आखिर उनके बीच छिपे गद्दार कौन हैं।
फिनाले के आखिरी दिन मल्लिका शेरावत का सफर सबसे पहले खत्म हुआ। उनके बाहर होने के बाद पांच खिलाड़ी मैदान में रह गए। इसके बाद ‘सर्कल ऑफ शक’ में वोटिंग हुई, जिसमें दलिप ताहिल के खिलाफ चार वोट पड़े और उन्हें भी गेम से बाहर होना पड़ा। हालांकि, वह जाते-जाते भी गद्दारों की पहचान नहीं कर पाए।
इसके बाद हुई वोटिंग में साहिल सलाथिया को बाहर कर दिया गया। शो से बाहर होते वक्त साहिल काफी भावुक हो गए और रो पड़े। वह ‘द ट्रेटर्स’ के पहले सीजन का भी हिस्सा रह चुके थे, लेकिन उस सीजन में उनका सफर जल्दी खत्म हो गया था। इस बार फिनाले तक पहुंचना उनके लिए बड़ी उपलब्धि रही। साहिल के बाद मुकाबला क्रिस्टल, रिदा और शालिनी के बीच रह गया। आखिरी वोटिंग में शालिनी पासे भी बाहर हो गईं।
शालिनी के बाहर होते ही क्रिस्टल और रिदा ने अपनी असली पहचान सामने रख दी। क्रिस्टल ने बताया कि वह पहले दिन से ही ट्रेटर थीं। करण जौहर से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि यह सफर उन्हें काफी लंबा लगा और वह कई बार एलिमिनेशन से बचीं। वहीं, रिदा शुरुआत में इनोसेंट थीं, लेकिन बाद में उन्हें ट्रेटर्स की टीम में शामिल कर लिया गया था। दोनों ने मिलकर अपनी पहचान छिपाते हुए आखिरी पड़ाव तक का सफर तय किया।
आखिरकार क्रिस्टल डिसूजा और रिदा थराना ‘द ट्रेटर्स 2’ की विजेता बनीं। दोनों ने गद्दार के रूप में खेलते हुए 66 लाख रुपये की इनामी राशि अपने नाम की। इस तरह जिस खेल में इनोसेंट खिलाड़ियों का लक्ष्य गद्दारों को पहचानना था, उसी खेल में दो गद्दारों ने आखिरी बाजी पलटकर ट्रॉफी और इनामी रकम दोनों अपने नाम कर ली।