मुंबई: रिद्धि डोगरा और विक्रांत मैसी की अपकमिंग फिल्म 'द साबरमती रिपोर्ट' 15 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। 'द साबरमती रिपोर्ट' फिल्म 2002 में हुए गोधरा कांड पर आधारित है। फिल्म में गोधरा कांड के समय हुई गड़बड़ियों को कहानी के माध्यम से पेश करने की कोशिश की गई है। रिद्धि डोगरा ने फिल्म की कहानी के बारे में बताया और कहा कि उस समय पत्रकारिता यानी मीडिया कवरेज कैसे की जाती थी। फिल्म में यह दिखाया गया है और इस पर प्रकाश डालने की कोशिश की गई है कि पत्रकारिता कैसी होनी चाहिए थी और क्या हुई।
समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए रिद्धि डोगरा ने कहा, कि यह फिल्म 27 फरवरी 2002 को हमारे देश में हुई गोधरा की दुखद घटना पर आधारित है। हमारी फिल्म पत्रकारिता से संबंधित है और यह दिखाने की कोशिश करती है कि उस समय रिपोर्टिंग कैसे की जाती थी और उस समय रिपोर्टिंग कैसे की जानी चाहिए थी। रिद्धि डोगरा ने फिल्म की कहानी का हिस्सा बनने के लिए खुशी जताई है। उन्होंने यह कहा है कि अभिनेता के तौर पर और एक नागरिक के तौर पर जो मैं महसूस करती हूं उसे साझा करने का यह सबसे अच्छा अवसर है। हमारे देश में ऐसी महत्वपूर्ण दुर्घटना और दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बारे में बात करने वाली फिल्म का हिस्सा बनकर मैं बेहद खुश हूं।
फिल्म में अहम भूमिका निभाने वाले विक्रांत मैसी ने भी इंटरव्यू के दौरान फिल्म में उठाए गए महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत की। उन्होंने कहा कि यह फिल्म ने केवल गोधरा कांड के बारे में बल्कि पत्रकारिता के बारे में सवाल उठाती है। उस समय किस तरह की पत्रकारिता की गई थी। सच्चाई को क्यों छुपाया गया था और कैसे छुपाया गया था इस विषय पर यह फिल्म की कहानी है। उन्होंने यह भी कहा कि कैसे हमारे देश में एक घटना ने रातों-रात राजनीतिक मानसिकता और पूरे देश के माहौल को बदल दिया। पत्रकारिता हमारे देश में चौथा स्तंभ माना जाता है और यह फिल्म बताती है कि इसका लोगों पर और देश पर कितना प्रभाव पड़ता है।
'द साबरमती रिपोर्ट' फिल्म के निर्देशक धीरज सरना हैं। जबकि शोभा कपूर, एकता कपूर, अमूल मोहन और अंशुल मोहन फिल्म के प्रोड्यूसर हैं। साबरमती रिपोर्ट पहले 1 मई को रिलीज होने वाली थी, फिर से 2 अगस्त तक के लिए इसे टाल दिया गया और अब निर्माता से 15 नवंबर को इसे सिनेमाघरों में रिलीज करने की तारीख तय कर दी है।