Highlights
राम गोपाल वर्मा के निर्देशन में बनी थी फिल्म 'द अटैक्स ऑफ 26/11'।
फिल्म में नाना पाटेकर ने पुलिस अधिकारी राकेश मारिया का किरदार निभाया था।
फिल्म में 26 नवंबर 2008 के मुंबई आतंकी हमले की भयावह कहानी दिखाई गई है।
Nana Patekar Film The Attacks Of 26/11: 26 नवंबर 2008 की तारीख मुंबई और पूरे देश के इतिहास में कभी न भूलने वाला दर्द छोड़ गई। इस दिन पाकिस्तान से आए 10 आतंकवादियों ने मुंबई में कई जगहों पर गोलीबारी और बम धमाके किए थे। इस हमले में कई मासूम लोगों की जान चली गई और सैकड़ों लोग घायल हुए।
इस भयावह घटना को पर्दे पर उतारने की कोशिश कई फिल्मकारों ने की, लेकिन नाना पाटेकर की फिल्म 'द अटैक ऑफ 26/11' आज भी दर्शकों को उस खौफनाक रात की याद दिला देती है। साल 2013 में रिलीज हुई यह फिल्म अपनी सच्चाई और दमदार कहानी के लिए चर्चा में रही थी। अगर आपने अब तक यह फिल्म नहीं देखी है, तो जानिए इसे किस ओटीटी प्लेटफॉर्म पर देख सकते हैं।
राम गोपाल वर्मा के निर्देशन में बनी 'द अटैक ऑफ 26/11' की स्क्रीनिंग रिलीज से पहले 63वें बर्लिन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में हुई थी। फिल्म में 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमले की घटनाओं को बेहद गंभीरता से दिखाया गया है। विदेशी दर्शकों के सामने भी इस कहानी ने उस भयावह घटना की सच्चाई रखी थी।
फिल्म की कहानी पाकिस्तान के आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकवादियों के समुद्र के रास्ते मुंबई पहुंचने से शुरू होती है। इसके बाद छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, ताज महल पैलेस होटल, ओबेरॉय ट्राइडेंट और कामा अस्पताल समेत कई जगहों पर हमले दिखाए जाते हैं।
फिल्म का एक अहम हिस्सा जिंदा पकड़े गए आतंकी अजमल कसाब और मुंबई पुलिस के तत्कालीन ज्वाइंट कमिश्नर राकेश मारिया के बीच हुई पूछताछ पर आधारित है। इसमें पुलिस और सुरक्षा बलों की बहादुरी के साथ-साथ सहायक उप-निरीक्षक तुकाराम ओंबले के साहस को भी दिखाया गया है, जिन्होंने अपनी जान देकर कसाब को जिंदा पकड़ा था। फिल्म में कसाब को मिली फांसी की सजा तक का घटनाक्रम भी शामिल है।
फिल्म में नाना पाटेकर ने ज्वाइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस का किरदार निभाया था, जबकि संजीव जायसवाल अजमल कसाब के रोल में नजर आए थे। बताया जाता है कि कसाब के किरदार के लिए निर्देशक राम गोपाल वर्मा ने करीब 500 लोगों का ऑडिशन लिया था। इनके अलावा अतुल कुलकर्णी, जितेंद्र जोशी और रवि काले जैसे कलाकार भी फिल्म का हिस्सा थे।
अगर आप 'द अटैक ऑफ 26/11' देखना चाहते हैं, तो यह फिल्म जियो हॉटस्टार, अमेजन प्राइम वीडियो और एमएक्स प्लेयर पर उपलब्ध बताई गई है। फिल्म को IMDb पर 7 की रेटिंग मिली है। 13 साल बाद भी यह फिल्म मुंबई हमले की भयावह यादों और उस दौरान सुरक्षाबलों के साहस को सामने लाती है।