Highlights
दिग्गज तेलुगु अभिनेता गिरी बाबू का 83 साल की उम्र में निधन हो गया।
उन्होंने 14 नवंबर को हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली।
गिरी बाबू ने पांच दशक से ज्यादा लंबे करियर में 600 से अधिक फिल्मों में काम किया।
Telugu Actor Giri Babu Death: साउथ सिनेमा से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता, निर्माता और निर्देशक गिरी बाबू का निधन हो गया है। उन्होंने 83 साल की उम्र में 14 नवंबर को हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पूरी तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।
गिरी बाबू ने पांच दशक से ज्यादा लंबे करियर में 600 से अधिक फिल्मों में काम किया और अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। उनके जाने पर अभिनेता चिरंजीवी, निर्देशक अनिल रविपुडी और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू समेत कई लोगों ने श्रद्धांजलि दी है। गिरी बाबू के निधन पर मेगास्टार चिरंजीवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दुख जाहिर किया।
अभिनेता चिरंजीवी ने लिखा कि अभिनेता के निधन की खबर सुनकर उन्हें गहरा सदमा लगा है। चिरंजीवी के मुताबिक, गिरी बाबू ने अभिनेता, निर्माता और निर्देशक के रूप में तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी बेहतरीन अदाकारी और अनोखी शैली को हमेशा याद रखा जाएगा। चिरंजीवी ने इसे तेलुगु सिनेमा के लिए ऐसी क्षति बताया, जिसकी भरपाई नहीं की जा सकती। उन्होंने दिवंगत अभिनेता के परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।
निर्देशक अनिल रविपुडी ने भी गिरी बाबू के निधन पर शोक जताया। उन्होंने उन्हें बहुमुखी कलाकार बताते हुए कहा कि अभिनेता, निर्माता और निर्देशक के तौर पर उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री को समृद्ध किया। उनका अनोखा अंदाज और यादगार अभिनय हमेशा सिनेमा प्रेमियों के दिलों में जिंदा रहेगा।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने भी गिरी बाबू को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने बताया कि प्रकाशम जिले के एक साधारण किसान परिवार में जन्मे अभिनेता ने पांच दशकों में 600 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। उन्होंने खलनायक, हास्य अभिनेता और चरित्र अभिनेता के रूप में दर्शकों का मनोरंजन किया।
गिरी बाबू का जन्म 8 जून 1943 को आंध्र प्रदेश के प्रकाशम जिले के रविनुथला गांव में हुआ था। उन्होंने साल 1973 में फिल्म 'जगमे माया' से अभिनय की दुनिया में कदम रखा। करियर की शुरुआत में वह ज्यादातर नकारात्मक भूमिकाओं में नजर आए, लेकिन बाद में अलग-अलग तरह के किरदार निभाकर अपनी पहचान बनाई। अभिनय के अलावा उन्होंने फिल्म निर्माण और निर्देशन में भी हाथ आजमाया।