Highlights
सुनीता आहूजा ने दिवाली से पहले अपने पुराने दिनों को याद किया।
उन्होंने बताया कि पहले त्योहार पर उनका घर रिश्तेदारों और बच्चों से भरा रहता था।
बच्चों के बड़े होने और सास के न रहने से अब उन्हें घर सूना लगता है।
सुनीता अब अकेले दीये जलाकर और मिठाई खाकर दिवाली मनाती हैं।
उन्होंने मजाकिया अंदाज में गोविंदा को थोड़ा कंजूस बताते हुए दि वाली गिफ्ट की बात कही।
Sunita Ahuja Diwali Emotional Story: बॉलीवुड के 'हीरो नंबर 1' गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा पिछले कुछ समय से अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। दोनों की शादी को करीब 39 साल हो चुके हैं, लेकिन इन दिनों उनके रिश्ते को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। इस बीच दिवाली से पहले सुनीता आहूजा का एक भावुक बयान सामने आया है। उन्होंने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि अब त्योहारों पर उनका घर पहले जैसा नहीं लगता।
सुनीता आहूजा ने एक इंटरव्यू में अपनी दिवाली से जुड़ी यादें साझा कीं। उन्होंने बताया कि पहले त्योहार के मौके पर उनके घर में खूब चहल-पहल रहती थी। परिवार के सदस्य, रिश्तेदार, बच्चे और सास सभी मिलकर दिवाली मनाते थे। घर में हर तरफ खुशियां और रौनक होती थी। हालांकि, अब समय बदल गया है। बच्चे बड़े हो चुके हैं और अपनी-अपनी जिंदगी में व्यस्त हैं। वहीं, उनकी सास भी अब इस दुनिया में नहीं हैं। ऐसे में त्योहारों पर उन्हें पुराने दिनों की कमी खलती है।
सुनीता आहूजा ने भावुक होते हुए कहा कि पहले जब दिवाली होती थी, तो मेरा घर भरा-भरा रहता था। घर में सास होती थीं, भांजे और बच्चे होते थे। खूब चहल-पहल रहती थी, लेकिन अब बच्चे बड़े हो गए हैं और सास भी नहीं हैं। इसलिए अब घर सूना-सूना लगता है। मैं बच्चों से ये नहीं कह सकती कि तुम घर पर ही रहो। सभी अपनी-अपनी जिंदगी में व्यस्त हैं और आप किसी को डिस्टर्ब भी नहीं कर सकते।
सुनीता ने आगे बताया कि अब वह खुद ही अपनी खुशियों का इंतजाम करती हैं। सुनीता के मुताबिक, अब मैं अकेले ही अपनी खुशियां बना लेती हूं। घर में दीये जलाती हूं और मिठाई खाती हूं। डायबिटीज है, इसलिए सोच-समझकर खाती हूं, लेकिन अपनी दिवाली एंजॉय करती हूं। उनके इस बयान से साफ है कि परिवार के साथ बिताए पुराने त्योहारों की यादें आज भी उनके दिल के करीब हैं। हालांकि, इस दौरान उन्होंने अपने पति गोविंदा का कोई जिक्र नहीं किया।
इंटरव्यू के दौरान सुनीता ने अपनी शादी के बाद पहली दिवाली का किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया कि उस समय उनकी सास ने उन्हें खूबसूरत साड़ी और सोने का सेट तोहफे में दिया था। वहीं, गोविंदा ने भी उन्हें दिवाली का गिफ्ट दिया था। हालांकि, अब सुनीता को लगता है कि गोविंदा पहले की तरह तोहफे नहीं देते। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि गोविंदा अब थोड़े कंजूस हो गए हैं। सुनीता ने यह भी कहा कि घर की लक्ष्मी को उपहार देने से घर में और लक्ष्मी आती हैं।
अभिनेता गोविंदा और सुनीता आहूजा ने 11 मई 1987 को गुपचुप शादी की थी। शादी के करीब दो साल बाद 16 जुलाई 1989 को उनके घर बेटी टीना आहूजा का जन्म हुआ। इसके बाद गोविंदा ने दुनिया के सामने अपनी शादी का खुलासा किया। वहीं, 1 मार्च 1997 को उनके बेटे यशवर्धन आहूजा का जन्म हुआ। आज दोनों के बच्चे बड़े हो चुके हैं और अपनी जिंदगी में व्यस्त हैं। ऐसे में सुनीता को दिवाली के पुराने पारिवारिक जश्न की कमी महसूस होती है।