Suniel Shetty Support Ranveer Singh: फिल्म 'डॉन 3 से जुड़े विवाद के बीच अभिनेता सुनील शेट्टी ने रणवीर सिंह का खुलकर समर्थन किया है। हाल ही में फरहान अख्तर की शिकायत के बाद फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज ने रणवीर सिंह के खिलाफ 'नॉन-कोऑपरेशन डायरेक्टिव' जारी किया था। हालांकि, कुछ दिनों बाद यह निर्देश वापस ले लिया गया, लेकिन इस पूरे विवाद पर अब सुनील शेट्टी की प्रतिक्रिया चर्चा में है।
एक इंटरव्यू में सुनील शेट्टी ने कहा कि किसी भी कलाकार पर प्रतिबंध लगाना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि कोई भी किसी एक्टर पर बैन नहीं लगा सकता। कोई भी कला पर बैन नहीं लगा सकता। किसी के पास ऐसा करने का अधिकार नहीं है। अगर यह मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच जाए तो एक पल में खारिज हो जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि फरहान अख्तर और रणवीर सिंह दोनों समझदार लोग हैं और अगर वे साथ बैठकर बातचीत करें तो इस विवाद का समाधान आसानी से निकल सकता है।
सुनील शेट्टी ने रणवीर सिंह के काम की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि आप बैन करने वाले होते कौन हैं? इस लड़के ने अपनी फिल्मों के जरिए इंडस्ट्री को हजारों करोड़ रुपये का कारोबार दिया है। अगर दर्शक किसी कलाकार को पसंद करते हैं तो उसे बैन करने का क्या मतलब है? उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस तेज हो गई है। कई लोग सुनील शेट्टी की बात से सहमत नजर आए, जबकि कुछ यूजर्स ने मामले के दूसरे पहलू पर भी चर्चा की।
दरअसल, एक्सेल एंटरटेनमेंट ने आरोप लगाया था कि रणवीर सिंह ने फिल्म 'डॉन 3' की शूटिंग शुरू होने से ठीक पहले प्रोजेक्ट छोड़ दिया। कंपनी का दावा है कि फिल्म के प्री-प्रोडक्शन पर करीब 45 करोड़ रुपये खर्च हो चुके थे और रणवीर के फैसले से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। इसी वजह से नुकसान की भरपाई की मांग भी की गई थी।
वहीं, सुनील शेट्टी इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' को लेकर सुर्खियों में हैं। अहमद खान के निर्देशन में बनी इस मल्टीस्टारर कॉमेडी फिल्म में अक्षय कुमार, परेश रावल, अरशद वारसी, लारा दत्ता और दिशा पाटनी समेत कई बड़े सितारे नजर आ रहे हैं। फिल्म को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।