Sohail Khan Alliance Controversy: टीवी और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर चलने वाले इन शोज में अक्सर दर्शकों को खींचने के लिए लड़ाई-झगड़े का सहारा लिया जाता है। लेकिन कभी-कभी यह माहौल वहां मौजूद कंटेस्टेंट्स के बर्दाश्त की सीमा को पार कर जाता है। ऐसा ही कुछ हाल ही में प्राइम वीडियो के पॉपुलर रियलिटी शो 'द अलायंस' के सेट पर देखने को मिला है।
'द अलायंस' में बतौर वाइल्ड कार्ड एंट्री करने वाले फेमस बॉलीवुड एक्टर और सलमान खान के भाई सोहेल खान का सब्र आखिरकार टूट गया। घर के अंदर चल रहे भारी तनाव और लगातार हो रही तूतू-मैमै के बीच सोहेल खान खुद को संभाल नहीं पाए और कैमरे के सामने ही उनका दर्द छलक पड़ा।
'द अलायंस' के अंदर का माहौल इन दिनों बेहद अशांत और तनावपूर्ण बना हुआ है। सोहेल खान ने इस शो में अपनी एक नई और अलग पहचान बनाने के इरादे से एंट्री मारी। वह खुद को एक नए परिवेश में ढालने और पुराने खिलाड़ियों के बीच अपनी जगह बनाने की पूरी कोशिश कर रहे थे।
लेकिन शो के भीतर का घटनाक्रम उनकी उम्मीदों के बिल्कुल उल्टा निकला। घर के सदस्यों के बीच हर छोटी-बड़ी बात पर होने वाले झगड़े, तीखी बहस और गाली-गलौज ने वहां की हवा को पूरी तरह से नेगेटिव बना दिया है।
इस बदसूरत माहौल का असर सोहेल के मन पर गहरा हुआ। वह खुद को इस कलह से दूर रखने में पूरी तरह असमर्थ पा रहे थे, जिसके कारण सोहेल काफी इमोशनल हो गए।
कैमरे के सामने अपनी भावनाओं को जताते हुए सोहेल खान बेहद भावुक नजर आए। उन्होंने अपने फैमिलीका जिक्र करते हुए कहा कि उनके घर में कभी कोई किसी से ऊंची आवाज में बात तक नहीं करता है।
सोहेल ने बताया कि उनके परिवार और दोस्तों के दायरे में भी हमेशा शालीनता और सम्मान को सर्वोपरि रखा जाता है, और वहां अपशब्दों या गाली-गलौज के लिए कोई जगह नहीं होती। शो के भीतर की कड़वाहट की तुलना अपने पारिवारिक माहौल से करते हुए सोहेल खान की आंखों में आंसू आ गए।
उन्हें इस बात का गहरा धक्का लगा कि जो लड़कियां उम्र में उनके बेटे के बराबर हैं, वे भी घर में बेहद आक्रामक और अमर्यादित बर्ताव कर रही हैं। अपनी परवरिश और संस्कारों के कारण वह इस तरह के बर्ताव को स्वीकार नहीं कर पा रहे थे।
'द अलायंस' में इस दौरान सोहेल खान ने शो के निर्माताओं और दर्शकों के सामने एक बड़ा सवाल भी खड़ा किया। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि घर का माहौल इसी तरह नकारात्मक और गरिमाहीन बना रहा, तो पूरा शो पूरी तरह से खराब हो जाएगा।
ये भी पढ़ें: Raghav Juyal Birthday: यूट्यूब से सीखा डांस…फिर बने ‘किंग ऑफ स्लो मॉशन’, फिल्मों में निभाया विलेन का रोल
सोहेल खान ने अपने आने का उद्देश्य शेयर करते हुए कहा कि वह यहां नए लोगों से मिलने, अच्छे दोस्त बनाने और एक खुशनुमा अनुभव हासिल करने के उद्देश्य से आए थे। लेकिन यहां का माहौल देखकर उन्हें भारी निराशा हाथ लगी है।