Highlights
शम्मी कपूर का जन्म 21 अक्टूबर 1931 को मुंबई में हुआ था।
शम्मी कपूर मिस्र की मशहूर कैबरे डांसर नादिया गमल की खूबसूरती पर फिदा हो गए थे।
शम्मी कपूर ने नादिया को शादी के लिए प्रपोज किया था, लेकिन उन्होंने पांच साल इंतजार करने को कहा।
Shammi Kapoor Nadia Gamal Love Story: हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता शम्मी कपूर अपनी शानदार एक्टिंग, अनोखे डांसिंग स्टाइल और रोमांटिक अंदाज के लिए मशहूर रहे। पर्दे पर उनकी ऊर्जा और अंदाज ने लाखों लोगों को दीवाना बनाया। हालांकि, उनकी निजी जिंदगी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं थी। शम्मी कपूर की जिंदगी में कई बार प्यार ने दस्तक दी। एक बार तो वह मशहूर कैबरे डांसर नादिया गमल की खूबसूरती पर इस कदर फिदा हो गए कि उन्हें शादी तक के लिए प्रपोज कर दिया था।
21 अक्टूबर 1931 को मुंबई में जन्मे शम्मी कपूर का असली नाम शमशेर राज कपूर था। वह दिग्गज अभिनेता पृथ्वीराज कपूर के बेटे और राज कपूर के छोटे भाई थे। उन्होंने 1953 में फिल्म 'जीवन ज्योति' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की। शुरुआती दौर में लगातार फ्लॉप फिल्मों का सामना करने के बाद 1957 में 'तुमसा नहीं देखा' से उन्हें पहली बड़ी सफलता मिली। इसके बाद 'जंगली', 'कश्मीर की कली' और 'ब्रह्मचारी' जैसी फिल्मों ने उन्हें लोकप्रियता दिलाई।
नादिया गमल को देखते ही दिल हार बैठे थे शम्मी
शम्मी कपूर ने एक इंटरव्यू में बताया था कि वह फिल्म इंडस्ट्री के कुछ दिग्गजों के साथ श्रीलंका में क्रिकेट मैच देखने गए थे। इस दौरान उन्होंने होटल में कैबरे डांस देखने का फैसला किया। वहां मिस्र की मशहूर डांसर नादिया गमल की खूबसूरती और डांस ने उनका दिल जीत लिया। वह हर शाम उनका प्रदर्शन देखने पहुंच जाते थे। यहां तक कि उनके लिए एक अतिरिक्त दिन भी रुक गए।
शम्मी कपूर ने नादिया को शादी के लिए प्रपोज कर दिया था। उस समय नादिया 17 साल की थीं, जबकि शम्मी 22 साल के थे। नादिया ने उनसे पांच साल इंतजार करने को कहा और फिर रिश्ते पर फैसला लेने की बात कही। बाद में नादिया अपनी मां के साथ मुंबई आईं, जहां शम्मी ने उनकी मेहमाननवाजी की और अपने परिवार से भी मिलवाया।
नादिया के अलावा शम्मी कपूर की जिंदगी में अभिनेत्री गीता बाली का भी खास स्थान था। दोनों ने परिवार की सहमति को लेकर आशंकाओं के बीच गुपचुप शादी की थी। बताया जाता है कि मंदिर में सिंदूर ले जाना भूल जाने पर शम्मी ने गीता की लिपस्टिक से उनकी मांग भरी थी। 1965 में गीता बाली के निधन के बाद शम्मी ने 1969 में नीला देवी गोहिल से दूसरी शादी की।
शम्मी कपूर ने अपने करियर में अभिनय के अलावा तकनीक में भी दिलचस्पी दिखाई। वह इंटरनेट के शुरुआती भारतीय उपयोगकर्ताओं में शामिल थे और इंटरनेट यूजर क्लब की स्थापना से भी जुड़े रहे। 14 अगस्त 2011 को किडनी फेल होने के कारण उनका निधन हो गया। उनकी आखिरी फिल्म 'रॉकस्टार' थी, जिसमें वह अपने पोते रणबीर कपूर के साथ नजर आए।