शक्ति कपूर (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
मनोरंजन

रॉकी में विलेन बनकर मिली पहचान, फिर क्राइम मास्टर गोगो ने लूटी महफिल, जानिए शक्ति कपूर का फिल्मी सफर

Shakti Kapoor Career: शक्ति कपूर का जन्म 3 सितंबर 1952 को दिल्ली में हुआ था। उनका असली नाम सुनील सिकंदरलाल कपूर है। सुनील दत्त के कहने पर उन्होंने अपना स्क्रीन नाम बदला और रॉकी से पहचान बनाई।

सोनाली झा

Shakti Kapoor Birthday Special: बॉलीवुड के दिग्गज खलनायक शक्ति कपूर का जन्म 3 सितंबर 1952 को दिल्ली के एक पंजाबी परिवार में हुआ था। उनका असली नाम सुनील सिकंदरलाल कपूर है। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के किरोड़ीमल कॉलेज से पढ़ाई की और बाद में पुणे स्थित फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया से अभिनय की बारीकियां सीखीं। मुंबई आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री में उनका शुरुआती सफर आसान नहीं रहा।

करियर के शुरुआती दौर में शक्ति कपूर ने कई छोटी भूमिकाएं निभाईं। इसी दौरान दिग्गज अभिनेता सुनील दत्त की नजर उन पर पड़ी। वह अपने बेटे संजय दत्त की डेब्यू फिल्म रॉकी बना रहे थे और उन्होंने शक्ति कपूर को फिल्म में विलेन का किरदार ऑफर किया। बताया जाता है कि सुनील दत्त को लगा कि सुनील कपूर नाम विलेन की छवि के लिए उतना प्रभावशाली नहीं है। उन्होंने उन्हें स्क्रीन नाम बदलने की सलाह दी। इसके बाद सुनील कपूर, शक्ति कपूर बन गए। रॉकी में भूमिका मिलने के बाद उनके करियर को बड़ा ब्रेक मिला।

विलेन से लेकर कॉमेडी तक बनाई पहचान

1980 और 1990 का दशक शक्ति कपूर के करियर के लिए बेहद अहम रहा। उन्होंने एक तरफ खलनायक के किरदारों में अपनी धाक जमाई, तो दूसरी ओर कॉमेडी से दर्शकों को खूब हंसाया। कुर्बानी, राजा बाबू, साजन चले ससुराल, हीरो नंबर 1 और अंखियों से गोली मारे जैसी फिल्मों में उनके किरदार यादगार रहे। फिल्म राजा बाबू में नंदू के किरदार के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट कॉमेडियन अवॉर्ड मिला।

शक्ति कपूर

700 से ज्यादा फिल्मों में किया काम

शक्ति कपूर की फिल्म अंदाज अपना अपना का क्राइम मास्टर गोगो आज भी बॉलीवुड के चर्चित कॉमेडी किरदारों में गिना जाता है। शक्ति कपूर ने अपने लंबे करियर में 700 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। गोविंदा और कादर खान के साथ उनकी कॉमेडी जोड़ी दर्शकों को खूब पसंद आई। तोहफा का आओ लोलिता और चालबाज का बटुकनाथ जैसे किरदार भी उनकी खास पहचान बने।

शक्ति कपूर

शिवांगी कोल्हापुरी से की शादी

निजी जिंदगी की बात करें तो शक्ति कपूर ने अभिनेत्री शिवांगी कोल्हापुरी से शादी की। दोनों के दो बच्चे हैं सिद्धांत कपूर और श्रद्धा कपूर। शक्ति कपूर रियलिटी शो बिग बॉस के पांचवें सीजन में भी नजर आए थे। इस तरह उन्होंने फिल्मों के साथ टेलीविजन और रियलिटी शो में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।

Tiger Shroff Attack Live: टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग, मुंबई पुलिस ने एक शख्स को हिरासत में लिया

कौन है बिश्नोई गैंग का अनिल पंडित? जिसने टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की ली जिम्मेदारी

भारतीय वैज्ञानिक डॉ. राम्या अंचे कौन हैं? जिसे NASA ने सौंपी ब्रह्मांड में जीवन के रहस्य खोजने की जिम्मेदारी

Google Maps की विश्वसनीयता पर सवाल; गलत रास्तों पर हादसे का कौन जिम्मेदार? अबतक घटित प्रमुख दुर्घटनाओं का डेटा

पंजाब के लहरागागा में बड़ा हादसा, काम कर रहीं महिला मजदूरों को कार ने रौंदा; 8 की मौत