शकील नूरानी  (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
मनोरंजन

73 साल के इस डायरेक्टर पर लगा रेप का आरोप, 40 साल छोटी एक्ट्रेस ने कहा- नशा देकर बनाया अश्लील वीडियो

Shakil Noorani Rape Case: 73 साल के डायरेक्टर-प्रोड्यूसर शकील नूरानी को मुंबई की मालवणी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। डायरेक्टर पर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल करने का आरोप लगा।

यति सिंह

Shakil Noorani Arrest Rape Allegation: हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में एक बार फिर से गंभीर आरोपों और कानूनी कार्रवाई का मामला सामने आया है, जिसने पूरी इंडस्ट्री को चौंका कर रख दिया है। ‘बड़े दिलवाला’ और ‘जोरू का गुलाम’ जैसी हिट फिल्मों का निर्माण व निर्देशन कर चुके 73 साल के वरिष्ठ फिल्म निर्माता शकील नूरानी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एक 33 साल की एक्ट्रेस द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही आरोपी निर्माता लगातार फरार चल रहा था। मुंबई पुलिस की एक स्पेशल टीम ने करीब 40 दिनों की कड़ी मशक्कत और तकनीकी सर्विलांस के बाद उन्हें गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

पीड़ित एक्ट्रेस द्वारा मालवणी पुलिस स्टेशन में दी गई शिकायत के अनुसार, उनकी और शकील नूरानी की पहली मुलाकात साल 2016 में लोकखंडवाला में आयोजित एक अवार्ड समारोह के दौरान हुई थी। वहां निर्माता ने उन्हें अपनी आने वाली फिल्म में काम देने का आश्वासन दिया और बाद में स्क्रिप्ट पर चर्चा करने के बहाने मालवणी स्थित अपने निवास पर बुलाया। पीड़िता का आरोप है कि वहां उन्हें पेय पदार्थ में कोई नशीली दवा मिलाकर पिला दी गई, जिससे वे बेसुध हो गईं। इसके बाद आरोपी ने उनकी असहाय हालत का फायदा उठाते हुए उनके साथ यौन शोषण किया और अपने मोबाइल फोन में आपत्तिजनक वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिए।

अश्लील वीडियो के दम पर सालों तक किया ब्लैकमेल

शिकायत में आगे बताया गया है कि जब पीड़िता को होश आया, तो आरोपी ने उन्हें उनके ही अश्लील वीडियो दिखाए। पुलिस या परिवार को इस बारे में सूचित करने पर इन वीडियो को सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करने की धमकी दी गई।

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि इस वीडियो के डर का फायदा उठाकर निर्माता पिछले कई सालों तक उनका शारीरिक शोषण करता रहा। इतना ही नहीं, पीड़िता को बार-बार गर्भनिरोधक गोलियां लेने के लिए मजबूर किया गया, जिसके कारण उनकी तबीयत बिगड़ी और एक बार उनका गर्भपात भी हो गया। इन तमाम मानसिक और शारीरिक यातनाओं से परेशान होकर आखिरकार उन्होंने पुलिस की मदद ली।

सतारा के फार्महाउस से पुलिस ने दबोचा

पुलिस में शिकायत दर्ज होते ही आरोपी शकील नूरानी अपने लोखंडवाला स्थित घर और बाकी ठिकानों से फरार हो गया था। मालवणी पुलिस ने उसकी तलाश में कई जगह छापेमारी की। आखिरकार गुप्त सूचना और तकनीकी जांच की मदद से पुलिस को पता चला कि वह महाराष्ट्र के सतारा जिले के मेधा क्षेत्र में स्थित एक फार्महाउस में छिपा हुआ है।

पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शनिवार तड़के वहां दबिश दी और आरोपी को हिरासत में ले लिया। प्राथमिक चिकित्सा जांच के बाद पुलिस आरोपी को मुंबई लेकर आई और औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।

कोर्ट ने आरोपी को पुलिस हिरासत में भेजा

मुंबई पुलिस ने आरोपी प्रोड्यूसर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(M), 123, 351(2) और 88 के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को बोरीवली हॉलिडे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उसे 12 अगस्त तक के लिए पुलिस कस्टडी में भेज दिया है।

दूसरी ओर, शकील नूरानी के वकील ने अपने मुवक्किल पर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद और झूठा करार दिया है। फिलहाल मालवणी पुलिस इस मामले में डिजिटल साक्ष्यों की बरामदगी और गहन पूछताछ में जुटी हुई है।

प्रवेश वर्मा मंत्री हैं या गुंडे? हुसैन दलवई का पीएम मोदी से सवाल, क्या मंत्री को बर्खास्त करेगी भाजपा?

ज्ञानेश कुमार तो जाएंगे...बेला एस्टेट में 729 में से बचा महज 1 वोटर, चुनाव आयोग पर भड़के राहुल गांधी

ट्रैफिक चालान नहीं भरा तो क्या कटेगी बिजली? सुप्रीम कोर्ट ने दिया ये सुझाव

Fatehpur House Collapse: संदिग्ध सिलेंडर ब्लास्ट के बाद दो मंजिला मकान ढहा, 4 लोगों की दर्दनाक मौत

मास्को में गरजे प्रो. धीरज सिंह: बोले- वैश्विक शासन को दिशा दिखा रहा है भारतीय लोकतंत्र और नागरिक समाज