Highlights
शाहरुख खान को अपने लंबे बालों से बेहद लगाव था, लेकिन एक सीरियल के लिए उन्हें बाल कटवाने पड़े थे।
निर्देशक लेख टंडन ने 'दिल दरिया' में काम करने के लिए शाहरुख के सामने बाल कटवाने की शर्त रखी थी।
'दिल दरिया' के प्रसारण में देरी के कारण शाहरुख का सीरियल 'फौजी' पहले टीवी पर आया।
Shah Rukh Khan First TV Serial: बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान आज अपनी एक्टिंग, रोमांटिक अंदाज और हेयरस्टाइल के लिए दुनियाभर में मशहूर हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि करियर के शुरुआती दिनों में उन्हें एक छोटे से रोल के लिए अपने लंबे बाल कटवाने पड़े थे? शाहरुख को अपने बाल बेहद पसंद थे, लेकिन अभिनय का मौका पाने के लिए उन्होंने दुखी मन से निर्देशक की यह शर्त मान ली थी। आइए जानते हैं इस दिलचस्प किस्से के बारे में।
शाहरुख खान का जन्म 2 नवंबर 1965 को दिल्ली में हुआ था। अभिनय में रुचि के चलते उन्होंने थिएटर का रुख किया और बैरी जॉन के मार्गदर्शन में एक्टिंग सीखी। इसके बाद वह मुंबई पहुंचे और टेलीविजन की दुनिया में अपनी पहचान बनाने की कोशिश करने लगे।
इसी दौरान निर्देशक लेख टंडन ने उन्हें अपने धारावाहिक 'दिल दरिया' में काम करने का मौका दिया। बताया जाता है कि इस शो में भूमिका निभाने के लिए निर्देशक ने शाहरुख खान के सामने लंबे बाल कटवाने की शर्त रखी थी। अभिनेता को अपने बालों से काफी लगाव था, लेकिन काम पाने के लिए उन्होंने अपनी पसंद से समझौता किया। इस शो में उन्हें नंदू का छोटा सा किरदार मिला था।
'दिल दरिया' के निर्माण और प्रसारण में देरी हो गई। इसी बीच शाहरुख को कर्नल राज कपूर के निर्देशन में बने धारावाहिक 'फौजी' में काम करने का मौका मिला। यह शो पहले प्रसारित हुआ और इसी के जरिए अभिनेता घर-घर में पहचाने जाने लगे। बताया जाता है कि ऑडिशन के दौरान कर्नल राज कपूर को शाहरुख के गालों के डिंपल असली नहीं लगे थे। उन्होंने उन्हें छूकर भी देखा था। शुरुआत में शाहरुख को छोटे किरदार के लिए चुना गया था, लेकिन उनकी स्क्रीन प्रेजेंस और अभिनय को देखते हुए उनका रोल बढ़ा दिया गया। शो में अभिमन्यु राय के किरदार ने उन्हें खास पहचान दिलाई।
'फौजी' की सफलता के बाद शाहरुख खान ने 'सर्कस' जैसे धारावाहिकों में काम किया। इसके बाद उन्होंने फिल्मों का रुख किया और 'बाजीगर', 'डर' और 'अंजाम' जैसी फिल्मों में नकारात्मक भूमिकाएं निभाकर अपनी अलग पहचान बनाई। फिल्म 'बाजीगर' के लिए उन्हें फिल्मफेयर बेस्ट एक्टर का पुरस्कार मिला। वहीं, 1995 में रिलीज हुई 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' ने उन्हें रोमांटिक हीरो के रूप में स्थापित कर दिया। आज शाहरुख खान का नाम हिंदी सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में लिया जाता है।