Salman Khan Students Protest: छात्रों के जारी प्रदर्शन के बीच अभिनेता सलमान खान ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की है। उन्होंने छात्रों और उनके अभिभावकों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पढ़ाई और सुरक्षा दोनों ही मामलों में छात्र देश की पहली प्राथमिकता हैं। सलमान ने अपने पोस्ट में लिखा कि उन्हें भरोसा है कि प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद पेपर लीक मामले के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सलमान खान ने छात्रों से आग्रह किया कि वे अपने माता-पिता के पास घर लौट जाएं और किसी भी तरह की चिंता न करें। इसके साथ ही उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से भी अपना अनशन समाप्त करने की भावुक अपील की। अपने पोस्ट में सलमान ने लिखा कि सोनम, बस हो गया। इसे और आगे मत बढ़ाओ। अगर जरूरत पड़ी तो इस जज़्बे को किसी और दिन के लिए बचाकर रखना और कुछ खा-पी लो।
सलमान खान ने आगे लिखा कि अगर चाहो तो मैं घर से खाना भेज दूंगा। सलमान खान का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उनके इस बयान पर यूजर्स अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोगों ने उनकी अपील का समर्थन किया है, जबकि कई यूजर्स इस मुद्दे पर अपनी अलग राय भी रख रहे हैं। फिलहाल अभिनेता का यह संदेश चर्चा का विषय बना हुआ है।
छात्र आंदोलन को लेकर सलमान खान ने बुधवार को भी सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने लिखा था कि यह आंदोलन शुरुआत में पूरी तरह शांतिपूर्ण था, लेकिन इसका हिंसक रूप लेना बेहद दुखद है। अभिनेता ने प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्रों और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पेपर लीक बेहद गंभीर मुद्दा है और यह देखकर खुशी होती है कि देश के छात्र बेहतर शिक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर एकजुट हुए हैं।