सलमान खान (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
मनोरंजन

सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि' को हरी झंडी, काट-छांट के बाद रिलीज की उम्मीद बढ़ी

Maatrubhumi Release Update: सलमान खान की फिल्म मातृभूमि की रिलीज का रास्ता साफ हो गया है। चीन से जुड़े सीन्स को संतुलित करने और नए रीशूट के बाद सरकार ने फिल्म को एनओसी दे दी है।

यति सिंह

Salman Khan Maatrubhumi Release Date: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की वार ड्रामा फिल्म मातृभूमि को लेकर आ रही अनिश्चितता की परतें आखिरकार हट गई हैं। गलवां घाटी की घटना पर आधारित इस फिल्म को लेकर लंबे समय से अनुमान लगाए जा रहे थे कि कहीं इसे पूरी तरह डिब्बा बंद न कर दिया जाए।

हालांकि अब सामने आई ताजा जानकारी के अनुसार सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने इस फिल्म को अपनी मंजूरी दे दी है। सरकार से हरी झंडी मिलने के बाद अब इस फिल्म के जल्द ही सिनेमाघरों में पहुंचने के आसार बढ़ गए हैं।

रक्षा मंत्रालय के दखल के बाद बदले गए सीन्स

शुरुआती दौर में इस फिल्म का नाम बैटल ऑफ गलवां रखा गया था, जिसे बाद में बदलकर मातृभूमि कर दिया गया। कहानी में साल 2020 में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुई सैन्य झड़प को दिखाया गया था। फिल्म के शुरुआती संस्करण में चीन विरोधी कड़े रुख को लेकर रक्षा मंत्रालय ने ऐतराज जताया था।

रक्षा मंत्रालय की आपत्तियों को ध्यान में रखते हुए निर्माताओं ने फिल्म में बड़े स्तर पर रीशूट किया। संशोधित संस्करण में दोनों देशों के रिश्तों और कूटनीतिक पहलुओं को अधिक संतुलित और पॉजिटिव दृष्टिकोण के साथ पेश किया गया है।

एनओसी मिलने से रिलीजिंग का रास्ता साफ

फिल्म मातृभूमि के नए रूप को देखने के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने अपनी सहमति व्यक्त कर दी है और अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी कर दिया है। इससे पहले अटकलें लगाई जा रही थीं कि भारत और चीन के संवेदनशील संबंधों के बीच इस तरह के मुद्दों पर बनी फिल्म को रिलीज की अनुमति मिलना मुश्किल होगा।

सरकारी एजेंसी से एनओसी मिलने के बाद अब मेकर्स के सामने सबसे बड़ी बाधा पार हो चुकी है और अब केवल केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड से प्रमाण पत्र हासिल करना बाकी रह गया है।

कर्नल संतोष बाबू के रोल में दिखेंगे सलमान

अपूर्वा लखिया के डायरेक्शन में बन रही इस फिल्म में सलमान खान 16 बिहार रेजिमेंट के जांबाज कर्नल संतोष बाबू की भूमिका निभा रहे हैं। कर्नल संतोष बाबू ने देश की सीमा की रक्षा करते हुए अपने अदम्य साहस का परिचय दिया था और वीरगति प्राप्त की थी।

सलमान खान के साथ इस फिल्म में एक्ट्रेस चित्रांगदा सिंह भी नजर आने वाली हैं। अप्रैल में संभावित रिलीज टलने के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि यह फिल्म आने वाले महीने में बड़े पर्दे पर आ सकती है।

Pargat Singh: पूरी लगन से करूंगा सेवा, पंजाब के कांग्रेस अध्यक्ष बनते ही बोले परगट सिंह, पार्टी का जताया आभार

आंध्र प्रदेश में दवा फैक्ट्री में फटा बॉयलर, चार लोगों ने तोड़ा दम; जांच में जुटी पुलिस

भारतीय एजेंसी के हत्थे चढ़ा एक और कुख्यात! तुर्की से नवप्रीत सिंह को डिपोर्ट कर लाया, कैसे हुआ था फरार?

Kadambini Ganguly First Indian Woman Doctor: 8 बच्चों की मां, फिर भी नहीं रुकी डॉक्टरी की राह

आकाश में दिखी वायुसेना की तरंग शक्ति की रफ्तार, करतब देख दुश्मनों की आंखें चौंधिया जाएंगी