Highlights
साई पल्लवी फिल्म 'रामायण' में माता सीता का किरदार निभा रही हैं।
एक्ट्रेस ने बताया कि इस भूमिका के लिए उन्होंने प्रार्थना और मेडिटेशन का सहारा लिया।
साई के मुताबिक, 'रामायण' सिर्फ फिल्म नहीं, बल्कि इतिहास का हिस्सा बनेगी।
Sai Pallavi Sita Role In Ramayana: साउथ सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री साई पल्लवी इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'रामायण' को लेकर चर्चा में हैं। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में वह माता सीता की भूमिका निभा रही हैं, जबकि रणबीर कपूर भगवान राम और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म की रिलीज से पहले इसकी स्टारकास्ट प्रमोशन में जुटी है।
रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे अमिताभ बच्चन के शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के सेट पर पहुंचे। यहां साई पल्लवी ने माता सीता का किरदार निभाने के अपने अनुभव साझा किए और बताया कि इस जिम्मेदारी को निभाने के लिए उन्होंने प्रार्थना और मेडिटेशन का सहारा लिया। 'कौन बनेगा करोड़पति' में अमिताभ बच्चन से बातचीत के दौरान साई पल्लवी ने कहा कि माता सीता का किरदार निभाना उनके लिए बहुत बड़ी जिम्मेदारी है।
साई पल्लवी के मुताबिक, यह फिल्म केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आने वाली पीढ़ियां भी इसे देखेंगी। एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने इस किरदार के लिए भगवान से प्रार्थना की थी। वह चाहती थीं कि इसे निभाने के रास्ते में आने वाली मुश्किलें दूर हों और पर्दे पर माता सीता के किरदार की गरिमा बनी रहे। साई ने कहा कि यह फिल्म इतिहास का हिस्सा बनेगी और भविष्य की पीढ़ियां भी इसे याद रखेंगी।
साई पल्लवी ने बताया कि वह मेडिटेशन करती हैं, क्योंकि इससे उन्हें अपने विचारों को शांत रखने में मदद मिलती है। माता सीता का किरदार निभाते हुए भी उन्होंने इस अभ्यास को जारी रखा। एक्ट्रेस के मुताबिक, इस भूमिका ने उन्हें सिखाया कि तनावपूर्ण परिस्थितियों में तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय पहले उस स्थिति को समझने और देखने की कोशिश करनी चाहिए। शूटिंग के दौरान जब भी उनके सामने कोई मुश्किल आती थी, तो वह सोचती थीं कि ऐसी परिस्थिति में माता सीता किस तरह प्रतिक्रिया देतीं। साई ने इसे इस किरदार से मिली अपनी सबसे बड़ी सीख बताया।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म रामायण दो हिस्सों में रिलीज होगी। फिल्म के पहले पार्ट में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। पहला पार्ट 5 नवंबर को दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा, जबकि दूसरे पार्ट के साल 2028 में रिलीज होने की उम्मीद है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्सुकता है।