Rubina Dilaik Struggle: टीवी एक्ट्रेस रुबीना दिलैक ने अपनी दमदार एक्टिंग और बेबाक अंदाज से लाखों लोगों का दिल जीता है। लेकिन सफलता की इस चमक के पीछे उनका लंबा संघर्ष और कई कड़वे अनुभव भी छिपे हैं। हाल ही में रुबीना ने अपने करियर के शुरुआती दिनों को याद करते हुए खुलासा किया कि एक समय ऐसा भी था जब उन्हें उनके चेहरे की वजह से रिजेक्ट कर दिया गया था।
रुबीना जल्द ही खतरों के खिलाड़ी के 15वें सीजन में नजर आने वाली हैं। शो के ग्रैंड प्रीमियर से पहले उन्होंने अपने डर, असुरक्षा और संघर्षों के बारे में खुलकर बात की। एक इंटरव्यू के दौरान एक्ट्रेस ने बताया कि इंडस्ट्री में शुरुआती दौर उनके लिए बिल्कुल आसान नहीं था। उन्होंने कहा कि उस समय उन्हें अपने लुक्स को लेकर बिल्कुल भी कॉन्फिडेंस नहीं था।
रुबीना ने याद करते हुए बताया कि जब मैंने इंडस्ट्री में कदम रखा था, तब मेरे शरीर पर बेबी फैट था। लोग मुझे ‘हिमाचली सेब’ कहकर बुलाते थे। उसी दौरान एक डायरेक्टर ने मुझसे कहा था कि मेरा चेहरा इतना नेगेटिव है कि मुझे सिर्फ नेगेटिव रोल ही करने चाहिए। उन्होंने आगे बताया कि डायरेक्टर ने यहां तक कह दिया था कि कोई भी उन्हें लीड रोल में कास्ट नहीं करेगा। यह बात उनके दिल पर काफी असर छोड़ गई थी।
हालांकि इन सब बातों के बावजूद रुबीना दिलैक ने हार नहीं मानी। उन्होंने लगातार मेहनत की और खुद को साबित किया। आज वह टीवी इंडस्ट्री का बड़ा नाम बन चुकी हैं। रुबीना ने कहा कि उस समय उन्होंने खुद पर विश्वास बनाए रखा और यही वजह रही कि धीरे-धीरे उन्हें अच्छे मौके मिलने लगे। उनकी मेहनत और टैलेंट ने उन्हें इंडस्ट्री में खास पहचान दिलाई।
रुबीना दिलैक ने हाल ही में मां बनने के बाद अपने जीवन में आए बदलावों के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि अब उनका सबसे बड़ा डर अपनी बेटियों को लेकर होता है। एक्ट्रेस ने कहा कि मां बनने के बाद एक अलग तरह की प्रोटेक्टिव भावना आ जाती है। अब मुझे हर समय यही चिंता रहती है कि मेरी बेटियां ठीक हों। उन्होंने यह भी माना कि मां बनने के बाद उनकी सहनशक्ति पहले जैसी नहीं रही और वह अब पहले से ज्यादा भावुक हो गई हैं।