Ranbir Kapoor Ramayana Release Date: रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है। फिल्म की रिलीज डेट को लेकर अब एक नया अपडेट सामने आया है। पहले प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने बताया था कि फिल्म विदेशों में 6 नवंबर और भारत में दिवाली के दिन यानी 8 नवंबर को रिलीज होगी। हालांकि, अब मेकर्स ने रिलीज प्लान में बदलाव करने का फैसला किया है।
मेकर्स अब 'रामायण' को 5 नवंबर को वर्ल्डवाइड रिलीज करने की तैयारी में हैं। इसका मतलब है कि फिल्म भारत और विदेशी बाजारों में अलग-अलग तारीख पर रिलीज नहीं होगी। दोनों जगह दर्शक एक ही दिन फिल्म देख सकेंगे। रिपोर्ट में बताया गया है कि इस नई रिलीज डेट को लेकर फिल्म से जुड़े अधिकतर स्टेकहोल्डर्स की सहमति बन चुकी है। हालांकि, मेकर्स की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। अंतिम मंजूरी मिलने के बाद नई रिलीज डेट का ऐलान किया जा सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म को दिवाली के दिन रिलीज करने के बजाय त्योहार से तीन दिन पहले सिनेमाघरों में लाने के पीछे एक खास रणनीति है। इंडस्ट्री में लंबे समय से यह देखा गया है कि दिवाली के दिन लोग त्योहार से जुड़े कार्यक्रमों में व्यस्त रहते हैं। ऐसे में कई बड़ी फिल्में दिवाली के आसपास रिलीज की जाती हैं।
‘रामायण’ को 5 नवंबर को रिलीज करने का फैसला मेकर्स की फिल्म को लेकर रणनीति का हिस्सा बताया जा रहा है। इससे फिल्म को दिवाली के लंबे वीकेंड और त्योहार की छुट्टियों का फायदा मिल सकता है।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ दो हिस्सों में रिलीज होगी। फिल्म के पहले पार्ट में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि साई पल्लवी मां सीता का किरदार निभा रही हैं। यश फिल्म में रावण की भूमिका में दिखाई देंगे।
फिल्म की स्टारकास्ट में रवि दुबे, रकुल प्रीत सिंह और सनी देओल समेत कई कलाकार शामिल हैं। ‘रामायण’ का दूसरा पार्ट 2027 की दिवाली के मौके पर रिलीज होने की योजना है। फिलहाल दर्शकों की नजर फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट की घोषणा पर है।