रामायण: पार्ट 1 का ट्रेलर (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)  
मनोरंजन

रणबीर कपूर की 'रामायण' का ट्रेलर क्यों टला? जानिए सीजेपी प्रोटेस्ट और स्पाइडर मैन कनेक्शन का सच

Ramayana Trailer Postponed: रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ का ट्रेलर टलने से फैंस बेहद निराश हैं। निर्माता नमित मल्होत्रा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोनी पिक्चर्स के साथ साझेदारी के चलते लिया फैसला।

यति सिंह

Ramayana Trailer Delay: भारतीय सिनेमा के इतिहास में सबसे बड़ी फिल्मों में गिनी जा रही रणबीर कपूर और साई पल्लवी की फिल्म रामायण का ट्रेलर अभी के लिए टाल दिया गया है। देश और दुनिया भर के सिनेमा प्रेमी जिस पल का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, उस पर अचानक विराम लग गया।

अमेरिका के सैन डिएगो कॉमिक-कॉन में सफल झलक दिखाने के बाद इसे 24 जुलाई को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर जारी किया जाना था। हालांकि, आखिरी समय में मेकर्स की ओर से आई एक घोषणा ने हर किसी को चौंका दिया है। दर्शक इस अचानक हुए बदलाव से काफी मायूस नजर आ रहे हैं, लेकिन इसके पीछे की वजह भारतीय सिनेमा के लिए एक नया अध्याय लिख सकती है।

सोनी पिक्चर्स के साथ साझेदारी ने बदला पूरा गणित

फिल्म मेकर नमित मल्होत्रा ने सोशल मीडिया के जरिए से फैंस के साथ एक बेहद अहम जानकारी शेयर की है। उन्होंने बताया कि उनकी प्रोडक्शन कंपनी ने हॉलीवुड की फेमस कंपनी सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के साथ हाथ मिलाया है। इस बड़े सहयोग का मुख्य उद्देश्य इस पौराणिक गाथा को वैश्विक स्तर पर एक विशाल हॉलीवुड फिल्म की तरह प्रदर्शित करना है।

नमित मल्होत्रा के अनुसार, भारतीय सिनेमा के 100 से ज्यादा सालों के इतिहास में यह एक बेहद गर्व का क्षण होने वाला है। अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक देश की समृद्ध संस्कृति और पौराणिक कहानियों की पहुंच स्थापित करने के लिए ही ट्रेलर की रिलीज तिथि को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।

क्या देश में चल रहे विरोध प्रदर्शन हैं असली वजह

ट्रेलर के अचानक टलने के बाद इंटरनेट पर कई तरह की अटकलों का बाजार भी गर्म हो गया है। देश की राजधानी दिल्ली सहित कई बड़े शहरों में नीट परीक्षा लीक मामले को लेकर छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर यह चर्चा जोर पकड़ रही थी कि शायद माहौल को देखते हुए फिल्म की टीम ने अपने कदम पीछे खींचे हैं।

हालांकि फिल्म जगत के जानकारों का मानना है कि इस वैश्विक परियोजना का किसी स्थानीय आंदोलन से कोई सीधा संबंध नहीं है। असली कारण केवल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फिल्म के प्रचार-प्रसार की रणनीति को अधिक मजबूत और व्यापक बनाना ही है।

हॉलीवुड की इस बड़ी फिल्म के साथ जुड़ सकता है ट्रेलर

विश्वसनीय सूत्रों और बाजार की चर्चाओं के अनुसार, अब इस बहुचर्चित फिल्म का ट्रेलर टॉम हॉलैंड स्टारर हॉलीवुड फिल्म स्पाइडर-मैन ब्रांड न्यू डे के साथ सिनेमाघरों में दिखाया जा सकता है।

चूंकि सोनी पिक्चर्स इस हॉलीवुड फिल्म का दुनिया भर में वितरण कर रही है, इसलिए यह संभावना बेहद प्रबल मानी जा रही है। अगर ऐसा होता है तो 31 जुलाई को यह झलक बड़े पर्दे पर दर्शकों के सामने आ सकती है।

रात भर जग कर इंतजार कर रहे फैंस में दिखी नाराजगी

फिल्म ‘रामायण’की झलक पाने के लिए लंबे समय से आस लगाए बैठे फैंस के लिए यह खबर किसी झटके से कम नहीं रही। सुबह 8 बजे से ही लोग सोशल मीडिया पर अपडेट का इंतजार कर रहे थे। घोषणा के फौरन बाद ही इंटरनेट पर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलने लगीं।

कई फैंस ने मेकर नमित मल्होत्रा के पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए अपनी निराशा व्यक्त की और कहा कि इस तरह बार-बार तारीखें बदलने से भावनाएं आहत होती हैं। कुछ लोगों का कहना था कि वे रात भर सोए नहीं थे, ताकि सबसे पहले इस ऐतिहासिक झलक का गवाह बन सकें। नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बन रही यह भव्य फिल्म दो भागों में बनाई जा रही है, जिसका पहला हिस्सा इसी साल दिवाली के पावन अवसर पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा।

IRCTC मनी लॉन्ड्रिंग केस में लालू यादव को राहत, दिल्ली हाई कोर्ट ने ED को जारी किया नोटिस

पुलिस की लाठियों की चिंता मत करो, राहुल गांधी की जनता से अपील, कहा- 1 नवंबर को दिल्ली चलो मार्च में शामिल हो

बिहार म्यूजियम ने पेरिस के लूव्र और न्यूयॉर्क के द मेट को पछाड़ा, विश्व के टॉप 10 लिस्ट में शामिल

PM Kisan 24th Installment: दिवाली से पहले किसानों को तोहफा, कल पीएम किसान की 24वीं किस्त जारी करेंगे PM मोदी

ट्रोलिंग बंद करिए, अपना गढ़ संभालिए, PM मोदी को कांग्रेस का जवाब, नागपुर-वाराणसी में बड़ी हार की दिलाई याद