The Kerala Story 2 Political Reaction: हाल ही में रिलीज हुई फिल्म द केरल स्टोरी 2 एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गई है। इस बार मामला तब गरमा गया जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने फिल्म को लेकर टिप्पणी की। उनके बयान के बाद भाजपा सांसद मनोज तिवारी की पत्नी सुरभि तिवारी ने फिल्म के समर्थन में प्रतिक्रिया दी है। फिल्म रिलीज के बाद से ही अलग-अलग राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। जहां एक तरफ कुछ लोग इसे प्रोपेगेंडा बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कई लोग इसे समाज की सच्चाई दिखाने वाली फिल्म मान रहे हैं।
हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने द केरल स्टोरी 2 को लेकर तंज कसते हुए कहा कि इस फिल्म को कोई देख ही नहीं रहा है। कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किए गए वीडियो में राहुल गांधी कहते नजर आए कि असल में कोई भी ‘द केरल स्टोरी’ नहीं देख रहा है। यह दिखाता है कि इस देश के ज्यादातर लोग केरल की संस्कृति और परंपराओं को समझते हैं और उसकी सराहना करते हैं।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि फिल्मों, टीवी और मीडिया को अब एक हथियार की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है। उनके मुताबिक इन माध्यमों का उपयोग लोगों को बदनाम करने, समुदायों को अलग-थलग करने और समाज में विभाजन पैदा करने के लिए किया जा रहा है। राहुल गांधी के बयान के बाद भाजपा सांसद मनोज तिवारी की पत्नी सुरभि तिवारी ने फिल्म के समर्थन में अपनी बात रखी। समाचार एजेंसी से बातचीत में उन्होंने लोगों से फिल्म देखने की अपील की।
सुरभि तिवारी ने कहा कि लोगों को घर बैठकर राय बनाने के बजाय सिनेमाघरों में जाकर फिल्म देखनी चाहिए। उनका कहना था कि यदि लोग इस विषय से जुड़े दस्तावेज, केस और खबरें पढ़ेंगे तो उन्हें समझ आएगा कि फिल्म प्रोपेगेंडा है या समाज की सच्चाई को सामने लाने का प्रयास। उन्होंने यह भी कहा कि यह केवल एक फिल्म नहीं बल्कि समाज को आईना दिखाने वाली कहानी है और अगर हम चाहते हैं कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों तो हमें इस तरह की फिल्मों को समझना जरूरी है।
द केरला स्टोरी 2 का निर्देशन कामक्ष्या नारायण सिंह ने किया है। फिल्म के निर्माताओं का दावा है कि इसकी कहानी वास्तविक घटनाओं से प्रेरित है। फिल्म में रिश्तों में धोखा, कथित धर्म परिवर्तन और कुछ युवा लड़कियों की जिंदगी से जुड़ी घटनाओं को दिखाया गया है। इसमें तीन अलग-अलग राज्यों की लड़कियों की कहानी के जरिए एक गंभीर सामाजिक मुद्दे को उठाने की कोशिश की गई है। फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में उल्का गुप्ता, ऐश्वर्या ओझा और अदिति भाटिया नजर आ रही हैं। रिलीज के बाद से फिल्म को लेकर बहस लगातार जारी है।