Prabhas Film Spirit leaked look: साउथ सुपरस्टार प्रभास इन दिनों अपनी आने वाली फिल्मों को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। एक तरफ जहां उनकी फिल्म ‘द राजा साब’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई, वहीं दूसरी ओर फैंस अब उनकी अपकमिंग फिल्मों ‘फौजी’ और ‘स्पिरिट’ का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर प्रभास की एक तस्वीर तेजी से वायरल होने लगी, जिसे लेकर दावा किया गया कि यह उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म स्पिरिटके सेट से लीक हुई है। तस्वीर सामने आते ही फैंस के बीच जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई। वायरल फोटो में प्रभास सफेद शर्ट और धोती पहने नजर आ रहे हैं। उनके हाथ में शॉटगन दिखाई दे रही है, जबकि लंबे बाल, घनी दाढ़ी और चश्मे वाला लुक सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
कई फैन पेज इस तस्वीर को शेयर करते हुए दावा कर रहे थे कि यह ‘स्पिरिट’ में प्रभास का नया अवतार है। फिल्म को लेकर पहले से ही जबरदस्त उत्साह बना हुआ है, ऐसे में इस तस्वीर ने फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी। हालांकि कुछ लोगों को तस्वीर देखकर शक हुआ और फिर इसकी सच्चाई सामने आने लगी। जांच के बाद पता चला कि प्रभास की वायरल तस्वीर असली नहीं बल्कि AI जनरेटेड है।
प्रभास की वायरल फोटो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से बनाई गई है और इसका फिल्म ‘स्पिरिट’ के सेट या शूटिंग से कोई लेना-देना नहीं है। शुरुआत में कई लोग इस तस्वीर को असली समझ बैठे थे, लेकिन बाद में सोशल मीडिया यूजर्स ने तस्वीर की डिटेल्स देखकर साफ कर दिया कि यह फेक इमेज है। फिलहाल फिल्म के सेट से प्रभास का कोई आधिकारिक लुक सामने नहीं आया है।
संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बन रही ‘स्पिरिट’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। फिल्म में प्रभास मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, जबकि तृप्ति डिमरी फीमेल लीड के तौर पर नजर आएंगी। वहीं विवेक ओबेरॉय फिल्म में विलेन के रोल में दिखाई देंगे। इस फिल्म को T-Series और भद्रकाली पिक्चर्स मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म मार्च 2027 में रिलीज हो सकती है।
प्रभास फिलहाल निर्देशक हनु राघवपुडी की फिल्म ‘फौजी’ पर भी काम कर रहे हैं। माना जा रहा है कि यह फिल्म सितंबर या अक्टूबर 2026 तक रिलीज हो सकती है। हालांकि फिलहाल सबसे ज्यादा चर्चा ‘स्पिरिट’ को लेकर हो रही है, क्योंकि संदीप रेड्डी वांगा और प्रभास की यह पहली फिल्म है। फैंस को उम्मीद है कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका करेगी।