Pawan Singh Come Back In Rise And Fall: भोजपुरी सिनेमा के पावरस्टार पवन सिंह अपनी पत्नी ज्योति सिंह के साथ चल रहे तलाक और एलिमनी विवाद को लेकर इन दिनों सुर्खियों में हैं। जहां एक ओर उनकी निजी जिंदगी में उथल-पुथल मची हुई है, वहीं दूसरी ओर उन्होंने उस रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल' में शानदार वापसी की है, जिसे वह बीच में ही छोड़कर चले गए थे। पवन सिंह की यह धमाकेदार एंट्री शो के ग्रैंड फिनाले में हुई, जिसने मेकर्स की उम्मीदों के मुताबिक शो की चमक बढ़ा दी।
'राइज एंड फॉल' वह शो है जिसने कथित तौर पर टीआरपी की रेस में 'बिग बॉस 19' को भी पछाड़ दिया था। अब इसका ग्रैंड फिनाले 17 अक्टूबर को होने जा रहा है, जिसके लिए जारी प्रोमो में पवन सिंह अपने बेबाक और दबंग अंदाज में एंट्री लेते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो ने उनके फैंस के बीच खलबली मचा दी है।
प्रोमो वीडियो में दिखाया गया है कि स्टेज पर आकृति नेगी और धनश्री वर्मा डांस कर रही होती हैं, तभी बैकग्राउंड से एक दमदार वॉयसओवर आता है। यह वॉयसओवर पवन सिंह के मशहूर डायलॉग का था: "तुम पांच घंटा चिल्लाओगे, 30 सेकंड चुप रहकर भी पवन सिंह टीवी पर दिखेगा। तो टीआरपी उस 30 सेकंड की ही ज्यादा आएगी।" इस डायलॉग के तुरंत बाद पवन सिंह की जोरदार एंट्री होती है और स्क्रीन पर 'पावरस्टार रिटर्न्स' लिखा आता है। पवन सिंह ने आते ही माहौल को अपने नाम कर लिया।
पवन सिंह ग्रैंड फिनाले एपिसोड में एक स्पेशल परफॉर्मेंस के लिए लौटे हैं। उन्होंने स्टेज पर आते ही अपनी फेवरेट कंटेस्टेंट धनश्री वर्मा और आकृति नेगी को बाहों में लिया और उनके साथ ज़ोरदार ठुमके लगाए। तीनों का यह डांस परफॉर्मेंस देखने लायक था और दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं। इस दौरान पवन सिंह माथे पर तिलक लगाए, सफेद कुर्ता-पायजामा पहने पूरी तरह से देसी अंदाज़ में दिखे। 'राइज एंड फॉल' के इस ग्रैंड फिनाले एपिसोड का वीडियो सोशल मीडिया पर धूम मचा रहा है, जो साबित करता है कि पवन सिंह की वापसी ने शो को कितनी बड़ी सफलता दिलाई है।