Nia Sharma Birthday Special Story: टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस निया शर्मा आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। अपनी एक्टिंग के साथ-साथ ग्लैमरस अंदाज और बेबाक व्यक्तित्व के लिए भी वह अक्सर चर्चा में रहती हैं। 17 सितंबर 1990 को दिल्ली में जन्मी निया शर्मा ने छोटे पर्दे से अपने करियर की शुरुआत की और देखते ही देखते टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेसेस में अपनी जगह बना ली।
निया शर्मा आज अपना 36वां जन्मदिन मना रही हैं। निया शर्मा से जुड़ी एक दिलचस्प बात यह है कि इंडस्ट्री में आने से पहले उनका नाम नेहा शर्मा बताया जाता है। अभिनय की दुनिया में कदम रखने के बाद उन्होंने अपना नाम बदलकर निया शर्मा कर लिया। इसके बाद इसी नाम से उन्हें टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पहचान मिली।
निया शर्मा ने साल 2010 में स्टार प्लस के शो ‘काली-एक अग्निपरीक्षा’ से एक्टिंग डेब्यू किया था। हालांकि उन्हें असली लोकप्रियता साल 2011 में शुरू हुए शो ‘एक हजारों में मेरी बहना है’ से मिली। इसमें उन्होंने मानवी का किरदार निभाया था। निया की एक्टिंग को दर्शकों ने खूब पसंद किया और वह घर-घर में पहचानी जाने लगीं। इसके बाद साल 2014 में वह ‘जमाई राजा’ में रोशनी पटेल के किरदार में नजर आईं। इस शो में रवि दुबे के साथ उनकी जोड़ी को दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली।
साल 2017 में निया शर्मा ने वेब सीरीज की दुनिया में कदम रखा। वह विक्रम भट्ट की वेब सीरीज 'ट्विस्टेड' में नजर आईं। इसमें उनके ग्लैमरस अंदाज और बोल्ड सीन्स ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं। इसके अलावा निया 'खतरों के खिलाड़ी' में भी नजर आ चुकी हैं। वह शो की फाइनलिस्ट तक पहुंची थीं। बाद में उन्हें 'इश्क में मरजावां' और 'नागिन 4' जैसे लोकप्रिय टीवी शोज में भी देखा गया।
निया शर्मा अपने ग्लैमरस लुक की वजह से भी खूब चर्चा में रही हैं। साल 2016 में वह एक चर्चित एशियाई ग्लैमरस महिलाओं की सूची में तीसरे स्थान पर थीं। इसके अगले साल यानी 2017 में उन्होंने दूसरा स्थान हासिल किया। इस तरह निया ने लगातार दो साल इस सूची में अपनी जगह बनाकर अपनी अलग पहचान कायम की।