Mirzapur The Movie Box Office Collection: ओटीटी की पॉपुलर क्राइम सीरीज ‘मिर्जापुर’ अब फिल्म के रूप में बड़े पर्दे पर दस्तक दे चुकी है। ‘मिर्जापुर द मूवी’ शुक्रवार, 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म को लेकर रिलीज से पहले ही जबरदस्त बज बना हुआ था और इसका असर एडवांस बुकिंग में भी देखने को मिला। अब शुरुआती बॉक्स ऑफिस आंकड़ों ने भी फिल्म के शानदार प्रदर्शन की झलक दिखा दी है। रात 10:30 बजे तक फिल्म ने 24 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है।
‘मिर्जापुर द मूवी’ ने रिलीज के पहले दिन हिंदी 2D फॉर्मेट में 3 लाख 25 हजार 635 टिकट बेचे। वहीं तेलुगु 2D में फिल्म के 2,492 टिकटों की एडवांस बुकिंग हुई। एडवांस बुकिंग से फिल्म ने बिना ब्लॉक सीटों के करीब 9.19 करोड़ रुपये की प्री-सेल दर्ज की थी। वहीं ब्लॉक सीटों को शामिल करने पर यह आंकड़ा बढ़कर 12.55 करोड़ रुपये हो गया था। इससे पहले ही अंदाजा लगाया जा रहा था कि फिल्म ओपनिंग डे पर अच्छी कमाई कर सकती है।
अब फिल्म के शुरुआती कलेक्शन की बात करें तो ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने रात 10:30 बजे तक कुल 24.75 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। इसमें हिंदी वर्जन से 24.60 करोड़ रुपये और तेलुगु वर्जन से 0.15 करोड़ रुपये की कमाई हुई है। फिल्म की कुल ऑक्यूपेंसी 36.7 फीसदी रही। हिंदी में ऑक्यूपेंसी 37 फीसदी और तेलुगु में 20 फीसदी दर्ज की गई। हालांकि, ये अभी शुरुआती आंकड़े हैं और फाइनल कलेक्शन में बदलाव हो सकता है।
एडवांस बुकिंग को देखते हुए सैकनिल्क ने अनुमान लगाया था कि फिल्म पहले दिन 20 से 25 करोड़ रुपये के बीच ओपनिंग कर सकती है। वहीं अगर फिल्म को दर्शकों से पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ मिलता है तो इसका कलेक्शन 30 करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना जताई गई थी। अब 24.75 करोड़ रुपये के शुरुआती आंकड़े के बाद फिल्म के 30 करोड़ के आंकड़े तक पहुंचने पर नजरें टिकी हैं।
‘मिर्जापुर द मूवी’ में वेब सीरीज के कई लोकप्रिय किरदार बड़े पर्दे पर लौटे हैं। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, रसिका दुग्गल, श्रिया पिलगांवकर, श्वेता त्रिपाठी और अभिषेक बनर्जी जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं। वहीं रवि किशन, जितेंद्र कुमार और सोनल चौहान समेत कई नए चेहरों की भी फिल्म में एंट्री हुई है।