Atheist krishna Death: सोशल मीडिया की दुनिया में मीम्स और इमोशनल फोटो एडिटिंग से लाखों दिलों को छूने वाले एथीस्ट कृष्णा अब इस दुनिया में नहीं रहे। बुधवार सुबह 4:30 बजे निमोनिया के चलते उनका निधन हो गया। कृष्णा का जाना इंटरनेट की उस खास दुनिया के लिए बड़ा झटका है, जहां ह्यूमर, भावना और कला का अद्भुत संगम देखने को मिलता था।
दरअसल, कृष्णा फोटोशॉप के लिए मशहूर थे। वो पुरानी, फीकी और टूटी-फूटी तस्वीरों में नई जान फूंक देते थे। चाहे किसी दादी की पुरानी ब्लैक एंड वाइट फोटो हो या किसी पिता की धुंधली याद, कृष्णा की एडिटिंग में बस एक क्लिक नहीं, भावना भी शामिल होती थी। उनका हर फोटो एक कहानी कहता था।
साथ ही उनकी मीम्स बेहद खास होती है। उन्होंने अपनी सादगी भरी ह्यूमर से लोगों के दिलों में एक अलग पहचान बनाई है। सिर्फ इतना ही नहीं, बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक उनके फैन बन चुके थे। अक्षय ने एक वीडियो में बताया था कि उन्होंने कृष्णा की एक मीम पीएम मोदी को दिखाई थी, जिस पर उन्होंने दिल खोलकर हंसी की थी। इसके बाद पीएम मोदी ने भी उस वीडियो को री-पोस्ट कर अपनी खुशी जाहिर की थी।
लेकिन कृष्णा कुछ समय से बीमार चल रहे थे और एक ऑपरेशन की जरूरत थी, लेकिन इसी बीच उन्हें निमोनिया हो गया और उनकी हालत और बिगड़ती चली गई। एक ट्विटर यूजर ने उनकी आखिरी व्हाट्सऐप चैट शेयर की, जिसमें कृष्णा ने लिखा था कि "अगर बच गया तो चमत्कार होगा।"
हालांकि, अब उनके यूं चले जाने से हर कोई सदमे में है। सोशल मीडिया पर फैंस लेकर सेलेब्स तक शोक व्यक्त कर रहे हैं। इसी बीच टीवी एक्ट्रेस और अनुमा फेम रुपाली गांगुली ने उन्हें याद करते एक्स पर पोस्ट शेयर किया। जिसमें उन्होंने लिखा कि "कृष्णा सिर्फ विजुअल सटायर के मास्टर नहीं थे, बल्कि वो ह्यूमर और भावना की गहराई में डूबी एक अद्वितीय आत्मा थे। उनकी खामोशी एक गहरा खालीपन छोड़ गई है।"आपको बता दें, ट्विटर यानी एक्स पर कृष्णा के 4.3 लाख से भी अधिक फॉलोअर्स थे।